Gold Price Today: सोने-चांदी के दाम में जबरदस्त उछाल: 24 कैरेट गोल्ड ₹95,452 पर पहुंचा – चांदी ₹97,475 के पार
21 मई को सोने और चांदी के भाव में तेज़ उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹1,645 की तेजी के साथ ₹95,452 पर पहुंच गया है।

इससे पहले यह ₹93,807 प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी ₹1,775 महंगी होकर ₹97,475 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है, जबकि सोमवार को यह ₹95,800 प्रति किलो थी।
ऑल टाइम हाई के करीब भाव
गौरतलब है कि पिछले महीने 21 अप्रैल को सोना ₹99,100 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा था, जो इसका ऑल टाइम हाई है। वहीं चांदी ने 28 मार्च को ₹1,00,934 प्रति किलो का ऐतिहासिक उच्च स्तर छुआ था।
2024 की तुलना में अब तक ₹19,290 महंगा हो चुका सोना
2025 की शुरुआत यानी 1 जनवरी से अब तक सोने की कीमत ₹76,162 से बढ़कर ₹95,452 हो चुकी है, यानी ₹19,290 की बढ़त। वहीं, चांदी ₹86,017 से बढ़कर ₹97,475 प्रति किलो तक पहुंची है, यानी अब तक ₹11,458 की तेजी। 2024 में पूरे साल के दौरान सोना ₹12,810 महंगा हुआ था।
साल के अंत तक ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है सोना
विदेशी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि 2025 के अंत तक इंटरनेशनल मार्केट में सोना 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। ऐसे में भारत में 10 ग्राम सोने के दाम ₹1.10 लाख तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सर्टिफाइड गोल्ड खरीदने की सलाह
विशेषज्ञों की सलाह है कि केवल BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। हर ज्वेलरी पर 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड HUID अंकित होता है, जैसे – AZ4524। इसी को देखकर सोने की शुद्धता की पुष्टि की जा सकती है।