JEE Advanced 2025: देशभर में 1.90 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दी JEE Advanced परीक्षा: 23 IITs में जोड़ी गईं 1,364 नई B.Tech सीटें
देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2025 का आयोजन रविवार, 18 मई को IIT कानपुर द्वारा किया गया। परीक्षा देशभर के 222 शहरों और 3 विदेशी केंद्रों में स्थित 712 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्टों में संपन्न हुई।

इस बार परीक्षा में रिकॉर्ड 1.90 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। पहली शिफ्ट में कुल 1,87,223 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें 1,43,810 लड़के और 43,413 लड़कियां शामिल थीं। यह आंकड़ा इस परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती गंभीरता और प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।
महिला छात्रों को मिलेगा और बेहतर मौका
मोशन एजुकेशन के संस्थापक और सीईओ नितिन विजय ने बताया कि इस वर्ष IITs में कुल सीटें 18,500 से अधिक हो गई हैं, जिनमें 1,364 नई B.Tech सीटें जोड़ी गई हैं। साथ ही महिला सुपरन्यूमेरेरी कोटा को 20% तक बढ़ा दिया गया है। इससे योग्य छात्राओं के लिए IIT में दाखिला पाने के अवसर और बेहतर हुए हैं।
नितिन विजय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में JEE Advanced 2025 के ज़रिए औसतन 22% छात्राएं IIT में प्रवेश पा रही हैं, जबकि 78% छात्र चयनित हो रहे हैं। महिला सुपरन्यूमेरेरी कोटा के तहत, सामान्य महिला सीटों के अतिरिक्त विशेष सीटें दी जाती हैं ताकि लड़कियों को अधिक अवसर मिल सकें।
पेपर का स्तर रहा मध्यम से कठिन
परीक्षा विश्लेषण के अनुसार, इस बार का पेपर मध्यम से कठिन स्तर का रहा। छात्रों के फीडबैक के मुताबिक:
-
गणित सबसे कठिन विषय रहा, जिसमें लंबे और जटिल सवाल पूछे गए। इन सवालों के हल के लिए गहराई से कॉन्सेप्ट की समझ और समय की मांग थी।
-
भौतिकी को मध्यम से कठिन माना गया, जिसमें अधिकतर सवाल कॉन्सेप्ट आधारित और लंबे थे।
-
रसायन विज्ञान अपेक्षाकृत सरल रही, जिससे छात्रों को समय बचाने में मदद मिली।
पेपर-2 ज्यादा कठिन, पैराग्राफ आधारित प्रश्न नहीं
पेपर-2 को पेपर-1 की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण माना गया। इसमें 8 न्यूमेरिकल वैल्यू टाइप प्रश्न शामिल थे। जो बिना विकल्प के पूछे गए। इस बार पैराग्राफ आधारित प्रश्न नहीं पूछे गए। जिससे प्रश्नों का स्वरूप अधिक विश्लेषणात्मक हो गया। पेपर-2 में भी गणित और भौतिकी कठिन रहे। जबकि रसायन विज्ञान ने राहत दी।
परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं
इस वर्ष परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया। JEE एडवांस्ड 2025 को कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित किया गया, जिसमें सिंगल/मल्टीपल करेक्ट MCQ, न्यूमेरिकल वैल्यू और इन्टीजर टाइप प्रश्न शामिल थे। कुल 96 प्रश्न पूछे गए—प्रत्येक पेपर में 48 प्रश्न, जिसमें 16-16 प्रश्न भौतिकी, रसायन और गणित से थे। यह पिछले दो वर्षों (2023 और 2024) की तुलना में प्रति पेपर तीन प्रश्न कम रहे, जिससे उन छात्रों को लाभ मिला, जिन्होंने हाल के वर्षों की संरचना के आधार पर तैयारी की थी। कुल अंक 180 ही रहे।
कोटा में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए
परिकालक टेस्ट सेंटर (टालवंडी), डिजिटल डेस्क (इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र), बिट्स एंड बाइट्स इंफोकॉम (गोबरिया बावड़ी सर्किल), वायबल सॉल्यूशंस (सुभाष नगर) और शिव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल (रीको इंडस्ट्रियल एरिया, रनपुर)। छात्र सुबह 7 बजे से रिपोर्ट करने लगे और कड़ी जांच प्रक्रिया के बाद ही प्रवेश दिया गया। 8:30 बजे कंप्यूटर आवंटित किए गए, जिनमें परीक्षार्थियों का नाम, फोटो और रोल नंबर प्रदर्शित था। परीक्षा शुरू होने से पहले 25 मिनट तक निर्देश पढ़े गए। रफ वर्क के लिए स्क्रिबल पैड दिए गए और दिव्यांग छात्रों को प्रति पेपर एक अतिरिक्त घंटे का समय प्रदान किया गया।