Kolkata Rituraj Hotel Fire Accident Update: कोलकाता के होटल में भीषण आग: 14 की मौत, 13 घायल, SIT जांच में जुटी
कोलकाता के फालपट्टी मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक होटल में आग लगने से 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। आग पर अब काबू पा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में 2 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। 11 पुरुषों में से 8 की पहचान कर ली गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने जानकारी दी कि आग रात करीब 8:15 बजे ऋतुराज होटल की चौथी मंजिल पर लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 14 शवों को बाहर निकाला जा चुका है। घटना की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की गई है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लोग जान बचाने को छत से कूदे
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग होटल की चौथी मंजिल पर लगे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और छत से कूदते नजर आए।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
भाजपा केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा, “मैं राज्य प्रशासन से आग्रह करता हूं कि पीड़ितों को जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए फायर सेफ्टी के सख्त नियम बनाए जाएं।
कांग्रेस पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। होटल में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। समझ नहीं आता कि कोलकाता नगर निगम क्या कर रहा है।