Jaipur News: कुएं में गिरने से 50 वर्षीय महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी
जयपुर के बगरू थाना क्षेत्र के रामपुरा ऊती गांव में 150 फीट गहरे कुएं में गिरने से महिला (गीता देवी) की मौत हो गई। सुबह 3 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

जयपुर के बगरू थाना इलाके के रामपुरा ऊती गांव में आज सुबह एक महिला के कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बगरू पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस ने महिला को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
बगरू थाना के SI भोपाल सिंह ने बताया कि मृतका गीता देवी (50) पत्नी नरेन्द्र बैरवा है। महिला सुबह लगभग 3 बजे कुएं में गिर गई। कुएं में नीचे उतरने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण समय रहते उसे बचाया नहीं जा सका।
करीब साढे पांच बजे सिविल डिफेंस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आधे घंटे की मेहनत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल बगरू सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मृतका के परिवार से जानकारी ले रही है और मामले की जांच जारी है। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने बताया कि कुएं में सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण यह हादसा हुआ है।
ग्रामीणों की अपील
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के सभी खुले कुओं और बोरवेल्स पर सुरक्षा कवर लगाए जाएं।
इससे न केवल इंसानों बल्कि जानवरों की भी जान बचाई जा सकेगी।

