Manoj Kumar Death Update: दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में निधन: देशभक्ति फिल्मों से बनाई खास पहचान
पूरब-पश्चिम, क्रांति, रोटी-कपड़ा और मकानजैसी बेहतरीन फिल्में देने वाले दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया।

एक्टर मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। वे विशेष रूप से अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते थे। उन्हें भारत कुमार के नाम से भी जाना जाता था।
उपकार, पूरब-पश्चिम, क्रांति, रोटी-कपड़ा और मकान उनकी बेहद कामयाब फिल्में रहीं। मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने ANI को बताया, ‘उन्हें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। यह भगवान की कृपा है कि उन्हें आखिरी समय में ज्यादा परेशानी नहीं हुई, शांतिपूर्वक उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
उनका अंतिम संस्कार कल होगा। मनोज कुमार काफी समय से लिवर सिरोसिस से जूझ रहे थे। उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी, 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मशहूर एक्टर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है।
मनोज कुमार को फिल्मी करियर में 7 बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिले। 1992 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। जबकि 2016 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया।
कैसे बने मनोज कुमार एक्टर – जानिए उनके फिल्मी सफर की कहानी
‘मेरे देश की धरती’, ‘ऐ वतन, ऐ वतन’, और ‘जिंदगी की न टूटे लड़ी’ जैसे मशहूर गीतों से सजी उनकी फिल्मों के जरिए मनोज कुमार आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को ऐबटाबाद (अब पाकिस्तान में) हुआ था। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद उनके परिवार ने भारत में बसने का फैसला किया और वे दिल्ली आ गए। बंटवारे के दर्द को उन्होंने बहुत करीब से महसूस किया, जिसका असर उनके सिनेमा में भी देखने को मिला। यही कारण है कि उन्होंने कई राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्में बनाई, जो आज भी याद की जाती हैं।
फिल्म ने मनोज कुमार को दिया भारत कुमार नाम उपकार 1967 की सबसे बड़ी फिल्म थी। फिल्म का गाना मेरे देश की धरती सोना उगले.. आज भी सबसे बेहतरीन देशभक्ति गानों में गिना जाता है। फिल्म में मनोज कुमार का नाम भारत था। फिल्म के गाने की पॉपुलैरिटी देखते हुए मनोज कुमार को मीडिया ने भारत कहना शुरू कर दिया और फिर उन्हें भारत कुमार कहा जाने लगा। मनोज कुमार ने अपने निर्देशन में बनी फिल्म क्रांति (1981) में दिलीप कुमार को डायरेक्ट किया था।