Gajendra Singh Shekhawat on tour of Daman and Diu: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दमन और दीव में विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण: खेल और शिक्षा में नवाचार की सराहना
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत दमन और दीव के दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ शूटिंग रेंज में राइफल से निशाना साधा और बास्केटबॉल खेली।
दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ शेखावत ने दमन हवाई अड्डे की चल रही निर्माण गतिविधियों का निरीक्षण किया। वो सिल्वासा में अटल फ़्लाईओवर के नीचे बने स्पोर्ट्स सेंटर भी गए। उन्होंने कहा कि यहां स्पोर्ट्स सेंटर बनाना खाली स्थान का सदुपयोग है। सेंटर में खेल की स्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। यह व्यवहारिक नवाचार है। शेखावत ने यहां बास्केटबॉल और शूटिंग में हाथ आजमाए।

केंद्रीय मंत्री सिल्वासा के स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर भी गए। उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक प्रबंध का बेजोड़ उदाहरण है। यह 12,000 विद्यार्थियों के साथ भारत में सर्वाधिक छात्र संख्या का स्कूल है। विद्यार्थियों ने ही केंद्रीय मंत्री को स्कूल का पूरा अवलोकन कराया और प्रबंध की जानकारी दी। शेखावत ने कहा कि विद्यार्थियों का आत्मविश्वास देखने लायक था। यहां सुगढ़ व्यवस्था है और स्मार्ट क्लासेस भी। निश्चित ही इसके संचालन की प्रक्रिया अनुकरण योग्य है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने प्रफुल्ल के. पटेल के साथ सिलवासा के नमो मेडिकल कॉलेज का अवलोकन किया। उन्होंने स्टूडेंट्स से अपना अनुभव साझा किया और उनसे उनकी शिक्षा के विषय में जाना। हॉस्पिटल में पेशेंट्स से बातचीत की। उन्होंने भी संतोषजनक बातें कीं।

श्री सिद्धिविनायक मंदिर में की पूजा
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने रविवार सुबह मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर में बेटी सुहासिनी के साथ दर्शन कर ‘हिंदू नववर्ष-विक्रम संवत 2082’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि की इस अतिपावन तिथि की महिमा के प्रकाश में महाराष्ट्र में गुढ़ीपाडवा का उल्लासित वातावरण भी है। सभी भारतीय अपने-अपने स्थानीय उत्सव मना रहे हैं। यही एका हमारी उदात्त संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने भारतीय संस्कृति के समस्त सहभागी बहनों-भाइयों को बधाई दी।