Madan Rathore met PM Modi: राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ की पीएम मोदी से मुलाकात: नई टीम में होंगे बड़े बदलाव, 50% से ज्यादा नए चेहरे संभावित
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक संसद भवन स्थित पीएम कार्यालय में हुई।

जहां प्रदेश संगठन आगामी रणनीतियों और राजस्थान के विकास से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की गई। इस मुलाकात को राजस्थान भाजपा के राजनीतिक और संगठनात्मक भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई कार्यकारिणी का अप्रैल 2025 में ऐलान संभव
मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं कि मदन राठौड़ की नई टीम में कौन से चेहरे शामिल होंगे और कौन बाहर होगा। माना जा रहा है कि भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान अप्रैल 2025 में हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक नई टीम में 50% से ज्यादा पुराने नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा और अधिकतर नए चेहरों को मौका मिलेगा।
कौन हो सकते हैं बाहर?
मदन राठौड़ की नई टीम में कई मौजूदा नेताओं को जगह मिलने की संभावना कम है। इनमें प्रमुख नाम शामिल हैं:
- चुन्नीलाल गरासिया (प्रदेश उपाध्यक्ष, अब राज्यसभा सांसद)
- सी.आर. चौधरी (किसान आयोग के अध्यक्ष)
- दामोदर अग्रवाल (प्रदेश महामंत्री, भीलवाड़ा से सांसद)
- ओमप्रकाश भड़ाना (देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष)
इसके अलावा, श्रवण सिंह बगड़ी और संतोष अहलावत को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। नारायण पंचारिया को भी संगठन में अहम भूमिका मिलने की संभावना है। वहीं, मुकेश दाधीच को किसी बोर्ड या आयोग में सदस्य बनाया जा सकता है।
कौन रह सकते हैं बरकरार?
राठौड़ ने स्पष्ट किया है कि कुछ अनुभवी नेताओं को टीम में बरकरार रखा जाएगा। इनमें प्रमुख नाम हैं:
- सरदार अजयपाल सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष)
- बाबा बालकनाथ (प्रदेश उपाध्यक्ष)
- प्रभुलाल सैनी (प्रदेश उपाध्यक्ष)
- ज्योति मिर्धा (प्रदेश उपाध्यक्ष)
- जितेंद्र गोठवाल (प्रदेश महामंत्री)
मोतीलाल मीणा को फिर से प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की संभावना है, जो पहले भी इस पद पर रह चुके हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नई टीम में कौन होंगे नए चेहरे? सूत्रों के अनुसार, नई टीम में कई नए चेहरे नजर आ सकते हैं। संभावित नामों में शामिल हैं:
- हरिराम रणवा (शेखावाटी अंचल से, पूर्व किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष)
- सुशील कटारा (डूंगरपुर-बांसवाड़ा क्षेत्र से, पूर्व राज्यमंत्री)
- अपूर्वा सिंह और मधु कुमावत (महिला प्रतिनिधित्व के लिए)

युवा और आदिवासी नेताओं को मिलेगा मौका
नई टीम में क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन को ध्यान में रखते हुए युवा नेताओं को भी महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त करने की संभावना है। पार्टी का आदिवासी और दलित समाज पर भी विशेष फोकस रहेगा।
2028 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
राजस्थान में 2028 में विधानसभा चुनाव होने हैं और मदन राठौड़ का कार्यकाल भी फरवरी 2028 तक रहेगा। ऐसे में उनकी नई टीम का उद्देश्य जिलों और मंडलों तक मजबूत नेटवर्क तैयार करना और संगठन को मजबूती प्रदान करना रहेगा।