Indigo Flight From Jaipur To Chandigarh Cancelled: जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो फ्लाइट रद्द: यात्रियों को हुई परेशानी
जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को मंगलवार सुबह रद्द कर दिया गया। जिससे बड़ी संख्या में यात्री जयपुर एयरपोर्ट पर परेशान होते नजर आए। कई यात्रियों ने अन्य फ्लाइट से चंडीगढ़ के लिए रवाना होने का विकल्प चुना। जबकि कुछ सड़क मार्ग से अपने गंतव्य के लिए निकल गए।

मंगलवार सुबह 5:05 बजे इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-7742 को चंडीगढ़ के लिए रवाना होना था। निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भरने के बाद एयरलाइंस ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए फ्लाइट को रद्द कर दिया। इस अचानक हुए निर्णय से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
चंडीगढ़ जा रहे अमरीश ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एयरलाइंस की यह मनमानी पूरी तरह से गलत है। आखिरी वक्त पर फ्लाइट कैंसिल कर देने से वह समय पर चंडीगढ़ नहीं पहुंच पाए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि ऐसी लापरवाही करने वाली एयरलाइंस कंपनियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
श्वेता नामक एक अन्य यात्री ने कहा कि फ्लाइट कैंसिलेशन अब आम बात हो गई है। जयपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स को अक्सर अंतिम समय में रद्द कर दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जयपुर एयरपोर्ट पर लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, जो यात्रियों और एयरपोर्ट, दोनों के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने इस तरह की समस्याओं को रोकने के लिए सिस्टम में सुधार की मांग की।
एक सप्ताह में दूसरी बार फ्लाइट रद्द
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को आखिरी वक्त पर रद्द किया गया। इससे पहले भी पिछले सप्ताह मंगलवार को इसी रूट की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया था। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई थी।
यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था और रिफंड
फ्लाइट कैंसिल होने के बाद एयरलाइंस ने कुछ यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट्स में समायोजित किया। जबकि जो यात्री फ्लाइट में यात्रा नहीं करना चाहते थे। उन्हें रिफंड दिया गया। यात्रियों की इस तरह की परेशानी को देखते हुए सरकार से इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।