Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमत ऑल टाइम हाई पर: 10 ग्राम गोल्ड ₹87,891 और चांदी ₹99,685 प्रति किलो पहुंची
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। आज यानी 17 मार्च को सोने-चांदी के दाम ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए हैं।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹1,048 बढ़कर ₹87,891 हो गया है। इससे पहले 13 मार्च को सोने ने ₹86,843 का उच्चतम स्तर छुआ था।
चांदी भी नई ऊंचाई पर
सोने के साथ-साथ चांदी के दाम भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। एक किलो चांदी आज ₹1,363 महंगी होकर ₹99,685 प्रति किलो हो गई है। पिछले कारोबारी दिन गुरुवार (14 मार्च) को चांदी का भाव ₹98,322 प्रति किलो था। इससे पहले 23 अक्टूबर 2024 को चांदी ने ₹99,151 प्रति किलो का हाई बनाया था।
क्यों बढ़ रही है सोने-चांदी की कीमत?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि जियो पॉलिटिकल टेंशन और गोल्ड ETF में बढ़ते निवेश के कारण सोने को सपोर्ट मिल रहा है। निवेशकों की मांग बढ़ने से इस साल सोना ₹90,000 प्रति 10 ग्राम के पार जा सकता है।
गोल्ड खरीदते समय ध्यान दें ये बातें
- हमेशा BIS हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें।
- सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) होता है।
- यह नंबर अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे- AZ4524।
- हॉलमार्किंग से सोने की शुद्धता और कैरेट की सही जानकारी मिलती है।