Rajasthan Weather Today: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम: 20 मार्च को हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार
राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 20 मार्च को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में बादल छाने की संभावना है, साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण देखने को मिलेगा।

ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
चूरू जिले की सरदारशहर तहसील के भानीपुरा क्षेत्र में रविवार रात 8 से 9 बजे के बीच ओलावृष्टि हुई। जैतसीसर, रायपुरा, नीमरासर, रातूसर, कालवासिया और भाऊवाला गांवों में गेहूं, सरसों, इसबगोल और चने की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश में गर्मी से राहत भी मिली है।
तापमान में गिरावट दर्ज
राज्य में रविवार को पूरे दिन अधिकतर शहरों में हल्के बादल छाए रहे। पिलानी (झुंझुनूं), हनुमानगढ़ और माउंट आबू (सिरोही) को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- चित्तौड़गढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जो राज्य में सबसे अधिक था।
- सीकर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
- अन्य शहरों का तापमान:
- उदयपुर: 33.9°C
- बाड़मेर: 34.2°C
- जैसलमेर: 31.5°C
- कोटा: 33.6°C
- अजमेर: 31.3°C
- अलवर: 31.5°C
- पिलानी: 30.9°C
- सीकर: 28.5°C
- बीकानेर: 30.2°C
- चूरू: 30.5°C
- श्रीगंगानगर: 28.8°C
- हनुमानगढ़: 27.7°C
जयपुर में बादलों की आवाजाही
राजधानी जयपुर में रविवार सुबह आसमान साफ था। लेकिन दोपहर बाद हल्के बादल छाने लगे और यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट संभव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर, सीकर, अजमेर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अगले एक-दो दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 मार्च तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहने और तापमान स्थिर बने रहने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि, 20 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। जिससे हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।