Shakti Vandan Festival 2025: शक्ति वंदन भारत के स्व का अभिनन्दन: महिलाओं को समर्पित शक्ति वंदन महोत्सव 15 से 17 मार्च तक
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के सपने को साकार करने तथा प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से नगर निगम ग्रेटर द्वारा महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिये महिलाओं को समर्पित शक्ति वंदन महोत्सव आयोजित कर रहा है।

तीन दिवसीय (15 मार्च से 17 मार्च 2025) यह कार्यक्रम जवाहर कला केन्द्र में आयोजित किया जायेगा। नगर निगम ग्रेटर द्वारा गत वर्ष भी 02 से 04 मार्च 2024 को शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें भी कई कीर्तिमान बनाये गये थे।
कार्यक्रम के यह रहेंगे विशेष आकर्षण
- ‘‘कैंसर हारेगा भारत जीतेगा’’ की तर्ज पर स्वच्छता योद्धाओं की बालिकाओं को निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण भी किया जाएगा।
- महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। लखपति दीदी योजना के तहत चैक भी वितरित किये जायेगे।
- कला, संस्कृति, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अहिल्याबाई होल्कर अवार्ड से नवाजा जाएगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ के तहत 300 स्टॉल लगायी जाएंगी। हर स्टॉल की प्रतिनिधि महिला ही होगी। साथ ही विलुप्त होती कलाओं को भी स्थान दिया जाएगा जिससे उन कलाओं एवं स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके। इस प्रदर्शनी की सबसे खास बात यह रहेगी कि यह त्त्त् पर आधारित होगी तथा यह आयोजन जीरो वेस्ट होगा। परिसर को रिसाईकल प्रोडक्ट से सजाया जाएगा। इसके साथ ही लाइव डेमोन्स्ट्रेशन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बनाने के तरीके भी समझाये जाएंगे।
महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न सत्रों के माध्यम से चर्चा की जाएगी। इसकी सबसे खास बात अहिल्याबाई होल्कर के महिला सशक्तिकरण व राष्ट्रनिर्माण में योगदान सत्र की रहेगी। जिसमें देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन को करीब से समझने का हर महिला को अवसर मिलेगा। इसके साथ ही अहिल्याबाई के जीवन चित्रण को दर्शाने के लिये प्रदर्शनी भी आयोजित की जायेगी।
समापन समारोह 17 मार्च 2025 को होगा जिसमें चंग की थाप पर फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा तथा फूलो की होली खेली जाएगी। साथ ही कला संस्कृति में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को अहिल्याबाई होल्कर अवार्ड से नवाजा जाएगा।