Rajasthan weather: राजस्थान में बदलेगा मौसम: होली पर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना
राजस्थान में होली के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बीकानेर संभाग के चार जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

रविवार को बाड़मेर में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। जिससे प्रदेश में गर्मी का असर तेज हो गया है। पश्चिमी राजस्थान में अब कूलर और पंखे चलने लगे हैं। चूरू, नागौर, दौसा समेत अन्य शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
बाड़मेर में सबसे अधिक गर्मी
रविवार को राजस्थान में पूरे दिन आसमान साफ रहा, लेकिन शाम को जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में हल्के बादल छा गए। हालांकि, नमी कम होने और ऊंचाई पर बादल होने के कारण बारिश नहीं हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:
- चूरू: 35.8°C
- बीकानेर: 36°C
- जोधपुर: 37.2°C
- जैसलमेर: 37.4°C
- श्रीगंगानगर: 32.5°C
- नागौर: 36.6°C
- चित्तौड़गढ़: 37.7°C
- डूंगरपुर: 37°C
- जालोर: 38.4°C
- सिरोही: 36.4°C
- फतेहपुर: 36°C
- कोटा, सीकर: 34.5°C
- जयपुर: 33.3°C
- अजमेर: 35.2°C
रात में भी बढ़ी गर्मी
अब राजस्थान में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं। बाड़मेर में रात का न्यूनतम तापमान 22.1°C, फलोदी में 21.2°C, जैसलमेर में 17.3°C, सीकर में 17.5°C, जयपुर में 18.2°C और बीकानेर में 17.5°C दर्ज किया गया।
आगे क्या रहेगा मौसम का हाल?
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 12 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। इस दौरान तापमान 33 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 13 मार्च तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है।