29th Day of Mahakumbh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी संगम स्नान: अक्षयवट और लेटे हनुमान मंदिर में करेंगी दर्शन
महाकुंभ का आज 29वां दिन है। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ आएंगी। वे आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। राष्ट्रपति संगम में स्नान के साथ यहां अक्षयवट और लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगी।

राष्ट्रपति का कार्यक्रम
राष्ट्रपति मुर्मू दिल्ली से विशेष विमान के जरिए दोपहर करीब 11 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर के जरिए महाकुंभ नगर के अरैल क्षेत्र में स्थित डीपीएस हेलीपैड पर उतरेंगी। फिर कार से अरैल VVIP जेटी तक जाएंगी और वहां से निषादराज क्रूज के माध्यम से संगम जाएंगी।
संगम में स्नान के बाद राष्ट्रपति गंगा की पूजा और आरती करेंगी। शाम चार बजे के करीब वे प्रयागराज से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं। जो प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने आ रही हैं। इससे पहले 1954 में भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी संगम में डुबकी लगाई थी।
महाकुंभ में अब तक 43.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार देखने को मिल रही है। 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से अधिक लोग संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। आज सुबह 8 बजे तक 46 लाख श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया संगम स्नान
सोमवार सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
प्रयागराज में जबरदस्त भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं। अरैल घाट से संगम तक बोट सेवा बंद कर दी गई है। वहीं, संगम रेलवे स्टेशन को 14 फरवरी तक के लिए बंद किया गया है।
इसके अलावा, प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है ताकि कोई अव्यवस्था न हो और यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।