Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कल से बदलेगा मौसम: फतेहपुर में पारा 2.1 डिग्री तक गिरा
उत्तरी हवा के कारण राजस्थान के तापमान में गिरावट जारी है। शुक्रवार को सीकर, उदयपुर, कोटा समेत कुछ शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई।

सुबह-शाम के अलावा दोपहर में भी हल्की सर्द हवा चलने से सर्दी तेज रही। चार शहरों में न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज (शनिवार) भी प्रदेश में तेज सर्दी रहने का अनुमान जताया है। कल से उत्तरी हवा कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी होने और सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है।
अगर बीते 24 घंटे यानी शुक्रवार के तापमान की बात करें तो प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. इसके अलावा उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट महसूस की गई। जयपुर मौसम केंद्र प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार बीती रात शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।
अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान
इसके अलावा अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान करौली में 3.8 डिग्री, नागौर में 4.3 डिग्री, दौसा-चूरू में 5.6 डिग्री, बीकानेर के लूणकरणसर में 4.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ तथा पिलानी में 6.4 डिग्री, संगरिया में 6.6 डिग्री, सीकर में सात डिग्री और राज्य की राजधानी जयपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 21 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज प्रदेश में मौसम ड्राय रहने की संभावना जताई है। साथ ही, उत्तर-पश्चिम राजस्थान के शहरों में कहीं-कहीं हल्की सर्द हवाएं चलने की संभावना है। इससे इन शहरों में सुबह-शाम ठंडक रहेगी। 9 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ने से तापमान में इजाफा होना शुरू होगा, जिससे सर्दी से राहत मिलनी शुरू होगी।