Mamta Kulkarni: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर क्यों बनी ममता कुलकर्णी?: संगम तट पर पिंडदान किया
बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। अब वह ममता नंद गिरि कहलाएंगी। उनका सिर्फ पट्टाभिषेक रह गया है। वह शुक्रवार की सुबह ही महाकुंभ में किन्नर अखाड़ा पहुंचीं।

उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई। किन्नर अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी दी। शुक्रवार को ही महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता कुलकर्णी को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास गईं। ममता कुलकर्णी और रविंद्र पुरी के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
इस दौरान किन्नर अखाड़े के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। फिर उनके महामंडलेश्वर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। किन्नर अखाड़े ने ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर पूरी गोपनीयता बरती है।
बता दे की महाकुंभ में बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने शुक्रवार को संन्यास ले लिया। किन्नर अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी दी। दीक्षा के बाद उनका नाम बदलकर श्रीयामाई ममता नंद गिरि हो गया। 7 घंटे की तपस्या के बाद उन्होंने संगम में डुबकी लगाई।
‘मुझे बॉलिवुड में वापस नहीं जाना था’
ममता कुलकर्णी ने बताया कि लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने मेरी 23 साल की तपस्या को समझा और स्वामी महेंद्रानंद गिरि महाराज ने मेरी परीक्षा ली जिसमें मैं उत्तीर्ण हुई। मुझे नहीं पता था कि पिछले तीन दिनों से मेरी परीक्षा ली जा रही है। मुझे कल ही महामंडलेश्वर बनाने का न्यौता मिला। कुलकर्णी ने कहा, ‘किन्नर अखाड़ा के मध्यम मार्गी होने के कारण मैं इसमें शामिल हुई। मुझे बॉलीवुड में वापस नहीं जाना था, इसलिए 23 साल पहले मैंने बॉलीवुड छोड़ दिया। अब मैं स्वतंत्र रूप से मध्यम मार्ग अपनाते हुए सनातन धर्म का प्रचार करूंगी। मैं इससे पूर्व 12 साल पहले यहां महाकुंभ में आई थी।
90 के दशक में ममता कुलकर्णी सबसे ज्यादा डिमांडिंग एक्ट्रेसेस में से एक थीं। करण अर्जुन, चाइना गेट, तिरंगा, आशिक आवारा, क्रांतिवीर, बाजी, सबसे बड़ा खिलाड़ी, पुलिसवाला गुंडा और कई अन्य फिल्मों से ममता ने लाखों दिलों पर राज किया। हालांकि, ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी के साथ नाम जुड़ने के बाद उनका करियर आगे नहीं बढ़ सका था।