Madan Rathore Said – Dotasara Is Playing Football Without A Ball: डोटासरा बिना बॉल के फुटबॉल खेल रहे है, उनको स्वयं को नहीं पता वे क्या बोल देते हैः- मदन राठौड़
जयपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। फिर चाहे विपक्ष को क्या लग रहा है।

यह उनकी सोच है। सदन में विपक्ष की भूमिका जैसी होगी। सत्ता पक्ष भी उसी लहजे में उसका जवाब देगा। डोटासरा बिना बॉल के फुटबॉल खेल रहे है। उनको पता ही नहीं है कि क्या बोल रहे है। उनको बाद में पता चलता है कि मैंने क्या बोल दिया। ऐसे में मेरा विपक्ष से आग्रह है कि विपक्षी नेताओं को बोलने से पहले अपने घर में झांक लेना चाहिए। दूसरों के घर में ताकझांक करना अच्छी आदत नहीं है।
पायलट पहले अपने नेतृत्व को समझे
मदन राठौड़ ने सचिन पायलट के दिल्ली में बीजेपी के कहीं भी नहीं होने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पायलट शायद भूल रहे हैं, उनको याद होना चाहिए कि पिछली बार दिल्ली में कांग्रेस का एक भी एमएलए नहीं जीता था। ये कभी तो आम आदमी पार्टी से समझौता कर लेते हैं। कभी इनके संबंध बिगड़ जाते हैं। यह इस तरह का बेमेल गठजोड़ पूरे हिंदुस्तान में कर रहे हैं।
पायलट साहब को पहले अपने नेतृत्व को समझना चाहिए। उनका जो नेतृत्व है। उनकी जो लीडरशिप है वह ढुलमुल हैं। जो कभी अपने पर अडिग नहीं रहती है। बदल जाती है। प्रदेश में जिसके साथ समझौता करते हैं। फिर उन्हीं से कुश्ती भी लड़ लेते हैं।
उन्होंने कहा कि पायलट अपना घर संभाले, हमारे बारे में नहीं सोच। हमें शीश महल से कोई मतलब नहीं है। हमें जनता की सेवा करनी है। इस बार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलने वाला है। भारतीय जनता पार्टी वहां सरकार बना रही है।