फरीदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 3 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, नेटवर्क का खुलासा शुरू
बरेली। जनपद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फरीदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फाजिल, अरमान और सोहेल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में गौसगंज पुलिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए टीम ने तीनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हीरो स्प्लेंडर
हीरो एचएफ डीलक्स और टीवीएस अपाचे सहित कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फरीदपुर के अलावा बिथरी चैनपुर, कैंट और बारादरी थाना क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर इलाके से भी बाइक चोरी कर चुके हैं। चोरी की बाइकों को ये लोग सस्ते दामों में बेचने की फिराक में रहते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की बाइक किन लोगों को बेची जाती थीं।
बरामद मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर उनके असली मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहनों को उनके मालिकों को सौंप दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
Read More : Mumbai : ऋषि कपूर पुण्यतिथिः


