जयपुर में अवैध स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा, 10 महिलाएं और 4 पुरुष गिरफ्तार
जयपुर। शहर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और उनकी आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में बजाज नगर थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर कई स्पा सेंटरों की जांच की। जांच के दौरान निर्धारित गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने 10 महिलाओं और 4 पुरुषों सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी हड़कंप मच गया।
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पूर्व में ही बजाज नगर क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों के संचालकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई थी कि यदि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों की अवहेलना या संदिग्ध गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित संचालकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ स्पा सेंटर निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।

सोमवार को बजाज नगर थाना पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की टीम के साथ क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच की। जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की जांच, कर्मचारियों की पहचान और संचालन प्रक्रिया का सत्यापन किया। इस दौरान कई जगहों पर नियमों की अनदेखी सामने आई।
पुलिस जांच में टोंक रोड स्थित एलिस थाई स्पा, लक्ष्मी मंदिर के पास संचालित ब्लू स्टार थाई स्पा और विवेक विहार स्थित बुर्ज फैमिली थाई स्पा में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन स्पा सेंटरों में कमिश्नरेट द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्ध परिस्थितियां भी सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 10 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा स्पा सेंटरों के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इन स्पा सेंटरों की आड़ में कोई अवैध गतिविधियां तो संचालित नहीं की जा रही थीं।
डीसीपी रंजिता शर्मा ने कहा कि शहर में संचालित सभी स्पा एवं मसाज पार्लरों को नियमों का पालन करना अनिवार्य है। यदि किसी भी संस्थान में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि नियमों की पालना सुनिश्चित कराना भी है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे स्पा सेंटरों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों के संचालकों को भी नियमों के पालन की हिदायत दी गई है। पुलिस ने सभी स्पा और मसाज पार्लर संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें, अन्यथा कानून के तहत कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

