Jaipur Rave Party: ग्रास फील्ड वैली रिसोर्ट में 28-29 नवंबर को सन फायर फेस्टिवल, आफ्टर पार्टी में ड्रग्स के खतरनाक खेल पर सवाल

Jaipur Rave Party: रातभर लाउड म्यूजिक की अनुमति पर उठे सवाल, ऑडियो में प्रमोटी आईएएस अधिकारी का जिक्र, 19-20 साल के युवा 45-50 साल के लोगों के साथ
Jaipur: Jaipur Rave Party का कल्चर राजस्थान में लगातार हावी होता जा रहा है। समय-समय पर कई नेताओं ने इस पर बहस की, लेकिन रेव और टेक्नो पार्टियों का यह चलन थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में जयपुर के ग्रास फील्ड वैली रिसोर्ट में 28 और 29 नवंबर को सन फायर ओपन एयर म्यूजिक फेस्टिवल होने जा रहा है। News21 की पड़ताल में इस आयोजन को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए हैं।
दो दिन का हुआ सन फायर इवेंट
कुछ महीने पहले इसी रिसोर्ट में सन फायर के नाम से इवेंट हुआ था। वह इवेंट रात 8 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह करीब 10 बजे तक चला था। शायद यही वजह है कि इस बार आयोजन दो दिन का कर दिया गया है।
इससे साफ है कि आयोजकों का हौसला बढ़ा है। हम पिछले एपिसोड में भी यह बात उठा चुके हैं कि ऐसे आयोजनों में “सब मैनेज हो जाता है”। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सन फायर को हजारों लोगों के साथ पूरी रात लाउड म्यूजिक चलाने की अनुमति मिली है, या रात 10 बजे म्यूजिक बंद कराया जाएगा। इस मामले में प्रशासन का पक्ष अब तक सामने नहीं आया है।
Jaipur Rave Party और नशे का कारोबार
एक सर्वे के अनुसार देश में अल्कोहल का इस्तेमाल घट रहा है, जबकि ड्रग का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसी पार्टियों से नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है।
हम यह नहीं कहते कि इस तरह की पार्टी में आने वाला हर व्यक्ति ड्रग करता है। बहुत से लोग सिर्फ यह देखने आते हैं कि टेक्नो इवेंट आखिर कैसा होता है। लेकिन हमारी टीम के ऑब्जर्वेशन के अनुसार, ऐसी पार्टियों में आने वालों में करीब 90 प्रतिशत लोग सिंथेटिक ड्रग का नशा करते हैं।
आफ्टर पार्टी में चौंकाने वाला नजारा
पार्टी के बाद आफ्टर पार्टी का चलन भी बहुत बढ़ गया है। आफ्टर पार्टी में हमारी टीम ने जो देखा, वह बेहद चौंकाने वाला है। वहां 19 से 20 साल के युवा 45 से 50 साल की उम्र के लोगों के साथ ड्रग्स करते नजर आए।
यह बेहद गंभीर विषय है। आजकल भले ही उम्र का मामला मायने न रखता हो, लेकिन भारत में नैतिकता की दृष्टि से देखें तो 45 से 50 साल के ये लोग उन युवाओं के माता-पिता की उम्र के हैं। सवाल यह है कि ये लोग उन्हें भविष्य में ड्रग्स से होने वाले नुकसान बताने के बजाय खुद ड्रग्स उपलब्ध कराते नजर आए। जरा सोचिए, कहीं कोई आपके बच्चे को भी इस तरह की लत तो नहीं लगवा रहा।
अभिभावकों के लिए जरूरी सावधानी
अगर आपका बच्चा जरूरत से ज्यादा एक्टिव दिख रहा है, उसे नींद नहीं आ रही, गला बार-बार सूख रहा है, प्यास लग रही है लेकिन भूख नहीं लग रही, तो इसे हल्के में न लें। डॉक्टर की सलाह जरूर लें। ये लक्षण सिंथेटिक ड्रग के साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं।
Jaipur Rave Party: ऑडियो में प्रमोटी आईएएस अधिकारी का जिक्र
पिछले एपिसोड में हमने बताया था कि ऐसी पार्टियों को बड़े अधिकारियों का कथित संरक्षण मिलता है, जिनमें प्रमोटी आईएएस अधिकारी भी शामिल बताए गए। इसी सिलसिले में News21 के पास एक ऑडियो है। इसमें इवेंट के आयोजक द्वारा एक प्रमोटी आईएएस अधिकारी का नाम लिया जा रहा है। ऑडियो के अनुसार पिछले सन फायर में उन्हें खास सुविधाएं दी गई थीं। ऑडियो में जिनका नाम आया है, वे जयपुर की एक संस्था के अध्यक्ष भी बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा कथित तौर पर कुछ आईएएस अधिकारी ऐसे भी हैं, जिनके फार्म हाउस पर इस तरह की पार्टियां होती हैं। यह भी आरोप है कि इन अधिकारियों का ड्रग एडिक्ट लोगों के फ्लैट पर आना-जाना लगा रहता है।
हम ऐसे जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से कहना चाहते हैं कि आप समाज में अहम ओहदे पर हैं। इस तरह के लोगों के बीच आपका बैठना समाज में क्या संदेश देता है, यह जरूर सोचिए। हमारी तो मजबूरी है कि खबर निकालने और कार्रवाई कराने के लिए हमें ऐसे लोगों के बीच बैठना पड़ता है। लेकिन अधिकारियों के उनके बीच बैठने से उनका हौसला बढ़ता है, जिसके चलते वे किसी को भी डराने-धमकाने से नहीं हिचकते।
नोट: ये आरोप ऑडियो और News21 की पड़ताल पर आधारित हैं। किसी भी व्यक्ति या संस्था पर लगे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का जवाब मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी।
READ MORE: Manipur Toxic Liquor Deaths: जहरीली शराब का कहर, 15 की मौत और 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

