Train Jewellery Theft: ट्रेनों में 4 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान और ज्वेलरी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ जोधपुर जीआरपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों ने राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में ट्रेन के अंदर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अब तक करीब 4 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी करने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन में सफर करने के लिए अलग-अलग नामों से रिजर्वेशन करवाते थे। इसके बाद यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मौका मिलने पर उनके सामान पर हाथ साफ कर देते थे। दोनों आरोपियों की पहचान बिहार निवासी अशोक कुमार (65) और रंजन कुमार (47) के रूप में हुई है।

सात राज्यों में वारदातों का आरोप
पूछताछ में आरोपियों से कई राज्यों में की गई चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर, मारवाड़ जंक्शन और आबूरोड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी वारदातें की गईं।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ट्रेन में चोरी का सिलसिला नवंबर 2016 से शुरू किया था। तमिलनाडु में उनकी सबसे ज्यादा वारदातें सामने आई हैं। जोधपुर में भी चोरी की घटना के बाद दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
फर्जी नाम से ट्रेन टिकट करवाते थे
जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर अलग-अलग नामों से ट्रेन में रिजर्वेशन करवाते थे। ट्रेन में सवार होने के बाद वे यात्रियों और उनके सामान पर नजर रखते थे।
मौका मिलते ही कीमती सामान चोरी कर आरोपी आगे की यात्रा या अपने अगले ठिकाने की ओर निकल जाते थे। इस तरीके से लंबे समय तक अलग-अलग राज्यों में वारदातें करने का आरोप है।

बढ़ती चोरी के बाद जीआरपी ने बनाई स्पेशल टीम
ट्रेनों में यात्रियों के रुपए, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की घटनाओं को देखते हुए जोधपुर जीआरपी ने विशेष टीम का गठन किया था। यह कार्रवाई जीआरपी एसपी जोधपुर केवल राम और जीआरपी सीओ हरिराम सोनी के निर्देशन में की गई।
जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उनके बारे में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।
तमिलनाडु पुलिस भी कर रही थी तलाश
जीआरपी की जांच के दौरान आरोपियों का कनेक्शन तमिलनाडु में दर्ज ट्रेन चोरी के मामलों से भी सामने आया। इसके बाद तमिलनाडु जीआरपी को इसकी जानकारी दी गई।
तमिलनाडु पुलिस की स्पेशल टीम पहले से ही दोनों आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में दबिश दे रही थी। संयुक्त कार्रवाई के तहत जोधपुर जीआरपी और तमिलनाडु पुलिस की टीम ने बिहार में आरोपियों को पकड़ लिया।
3 सितंबर को जोधपुर लाए गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर को बिहार से पकड़कर जोधपुर लाया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद तमिलनाडु पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ लेकर विरुधाचलम रवाना हो गई।
अब पुलिस अलग-अलग राज्यों में दर्ज ट्रेन चोरी के मामलों को आरोपियों से जोड़कर जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए सामान और अन्य वारदातों से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
Watch More :- https://youtu.be/8l5UWScUVjg

