Basti में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत
प्रेमी को जिंदा जलाने के आरोप में प्रेमिका फरार
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक प्रेमी युगल की कहानी दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। आरोप है कि शादीशुदा प्रेमिका ने अपने प्रेमी को कमरे में जिंदा जलाने की कोशिश की, जिसके बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी महिला फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामचंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले रामचंद्र और कांति देवी के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए थे। कांति पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं। बावजूद इसके वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर रामचंद्र के साथ रहने आ गई थी। शुरुआत में रामचंद्र के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था, लेकिन आरोप है कि कांति ने जहर खाने की धमकी देकर जबरन घर में रहना शुरू कर दिया।
करीब चार वर्षों तक दोनों साथ रहते रहे और सब कुछ सामान्य दिखाई देता रहा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। इसी तनाव ने आखिरकार एक खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि 1 और 2 मई की रात करीब 11 बजे कांति देवी ने अपने प्रेमी रामचंद्र को सोते समय जिंदा जलाने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि जब रामचंद्र कमरे में सो रहा था, तभी कांति चुपके से उठी और कमरे में आग लगा दी। इसके बाद उसने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और मौके से फरार हो गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में घिरे रामचंद्र ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
जान बचाने के लिए रामचंद्र ने किसी तरह कमरे में बने रोशनदान से बाहर छलांग लगाई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में बस्ती जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रामचंद्र की मौत हो गई।
घटना के बाद मामला और भी चर्चा में तब आया जब आरोपी महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में महिला कथित तौर पर कहती नजर आ रही है — “रामचंद्र राजा तोहार बजाइब बाजा।” इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे।
वहीं पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव ने बताया कि 1/2 मई की रात पुलिस को एक व्यक्ति के जलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। बाद में गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। अब युवक की मौत के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक समय प्यार में साथ रहने वाले प्रेमी-प्रेमिका की कहानी जिस दर्दनाक तरीके से खत्म हुई, उसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार महिला की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

