बरेली के जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसा एक युवक जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बरामदे में तड़पता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मी समय पर इलाज देने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। घटना ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार युवक रेलवे यार्ड क्षेत्र में गंभीर हालत में पड़ा मिला था। बताया जा रहा है कि वह किसी तरह हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत टेम्पू के जरिए जिला अस्पताल लेकर आई। पुलिसकर्मियों ने घायल की जान बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद हालात बेहद चिंताजनक नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी के बरामदे में दर्द से कराहता रहा, लेकिन उसे तत्काल उपचार नहीं मिल सका। आरोप है कि कई स्वास्थ्यकर्मी वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने गंभीर रूप से घायल युवक की ओर ध्यान नहीं दिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक फर्श पर पड़ा तड़पता दिखाई दे रहा है और आसपास मौजूद लोग अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर गंभीर नहीं हैं। कुछ दिन पहले भी एक बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए भटकना पड़ा था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की काफी आलोचना हुई थी। बावजूद इसके अस्पताल की कार्यशैली में कोई बदलाव दिखाई नहीं दिया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोग स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की आलोचना करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मामले की जांच कराई जा सकती है। वहीं आम जनता का कहना है कि केवल जांच के नाम पर औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
बरेली जिला अस्पताल में झुलसा युवक तड़पता रहा, इलाज नहीं मिला
Leave a comment

