Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून सक्रिय: तेज बारिश और तापमान में बदलाव जारी
मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए चेतावनी जारी की है। आगामी 24 घंटों में कई जिलों में तेज बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ है। भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जयपुर संभाग में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। जिससे कई इलाकों में पानी भर गया। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। लेकिन शाम की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस सीजन में बांधों में रिकॉर्ड 90.34% जलभराव हुआ है। जो 1990 से अब तक का सर्वाधिक स्तर है। इससे पेयजल और सिंचाई दोनों क्षेत्रों में राहत मिलेगी।
22 सितंबर तक झमाझम बारिश
वहीं प्रदेश के कई संभागों में आज से ही 22 सितंबर तक कई जगह झमाझम बारिश की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के अधिकांश भागों में बीते कुछ दिन से आंशिक रूप से बादल भी छाए हुए हैं वहीं कई इलाके बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बारिश के बाद राहत महसूस कर चुके हैं वहीं राजधानी जयपुर में बीती रात आसपास के क्षेत्र में हुई बारिश से कुछ देर ठंडी और तेज हवा चली लेकिन फिर गर्मी बढ़ गई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि भी देखी जा रही है। गुरुवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अभी तापमान और बढ़ने की संभावन जताई है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश की राजधानी जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर जैसे बड़े शहरों में आज और कल ज्यादातर समय धूप निकली रहेगी। हालांकि यहां बादलों की आवाजाही रह सकती है। मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि दो से तीन दिन के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात के कई हिस्सों से मानसून की विदाई होने वाली है।
बता दें कि प्रदेश में भी जैसलमेर, जोधपुर, नागौर के अलावा राजधानी जयपुर के नजदीकी जिले सीकर और आसपास के इलाकों से मानसून की विदाई हो चुकी है। अब जल्द ही तीन से चार दिन में मानसून पूरे प्रदेश से ही विदाई ले लेगा।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चूरू में 38.4 डिग्री, श्रीगंगानगर में 38.3 और पिलानी में 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम 37 डिग्री और 6 अन्य स्थानों में 36 डिग्री से ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो दौसा में 29.7 डिग्री जबकि सिरोही में 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

