Rajasthan Weather: राजस्थान में भारी बारिश का कहर: कई जिले प्रभावित, नदी-नाले उफान पर
राजस्थान में भारी बारिश के चलते कई नदियाँ, बाँध और तालाब ओवरफ्लो हो गए हैं। शनिवार को उदयपुर, पाली, जालोर, सिरोही, राजसमंद सहित कई जिलों में 2 से 5 इंच तक बारिश दर्ज की गई।

उदयपुर में शहर के बीच से बहने वाली आयड़ नदी उफान पर आ गई, जिससे कई कॉलोनियाँ जलमग्न हो गईं और लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हो गए। एकलिंगपुरा ब्रिज के नीचे से गुजर रही कॉलेज छात्रों से भरी एक बस पानी में फंस गई। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बस को धक्का देकर सुरक्षित बाहर निकाला।
राजसमंद के रिछेड़ क्षेत्र में तेज बारिश के कारण नेशनल हाईवे-162 (राजसमंद-जोधपुर मार्ग) का आधा हिस्सा बह गया, जिससे हाईवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
मौसम विभाग ने रविवार को बाड़मेर, जालोर, सिरोही में बारिश का रेड अलर्ट और जैसलमेर, जोधपुर, पाली, राजसमंद, उदयपुर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 9 सितंबर से भारी बारिश का दौर थमने की संभावना है। कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है
राजधानी जयपुर में शनिवार को दिनभर बारिश का दौर रुक-रुककर चलता रहा। सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छाई रहीं और रिमझिम बूंदाबांदी ने मौसम सुहाना बना दिया। दोपहर में करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। मालवीय नगर, जेएलएन मार्ग, जवाहर सर्कल, टोंक रोड, राजापार्क और जवाहर नगर इलाके में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में शहर में 33.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम केन्द्र ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले दो दिन जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से लेकर कहीं-कहीं तेज बारिश होने की आशंका है।
उदयपुर के गोगुंदा में 136MM बरसात पिछले 24 घंटे के दौरान उदयपुर के गोगुंदा में 136MM, सायरा में 81MM, बड़गांव में 74MM, झाड़ोल में 56MM, भींडर में 58MM, वल्लभनगर में 65MM, कोटड़ा में 61MM, नया गांव में 45MM और गिर्वा, बारापाल में 47-47MM बरसात दर्ज हुई। वहीं बूंदी के हिंडौली में 53MM, जालोर के आहोर में 61MM, भाद्राजून में 52MM, जालोर शहर में 54MM, डूंगरपुर के बिच्छीवाड़ा में 60MM, डूंगरपुर शहर में 47MM बरसात हुई।
इसके अलावा टोंक के देवली में 49MM, पाली के सुमेरपुर में 90MM, रानी में 88MM, देसूरी में 50MM, बाली में 43MM, भीलवाड़ा के सहाड़ा में 59MM, रायपुर में 41MM, बागोर में 44MM, राजसमंद के गिलुंड में 62MM, देलवाड़ा में 70MM, आमेट में 59MM, गढ़बोर में 82MM, कुंभलगढ़ में 49MM, कुंवारिया में 57MM, सवाई माधोपुर के खंडार में 57MM, सिरोही के पिंडवाड़ा में 105MM, शिवगंज में 71MM, देलदर में 62MM और चित्तौड़गढ़ के भोपालसागर में 50MM बरसात हुई।
राजस्थान में अब तक की वर्षा (सेमी में)
| क्रमांक | जिला | वर्षा (सेमी में) |
|---|---|---|
| 1 | बारां | 62.48 |
| 2 | कोटा | 49.25 |
| 3 | बूंदी | 47.00 |
| 4 | सवाई माधोपुर | 46.49 |
| 5 | टोंक | 42.40 |
| 6 | दौसा | 41.46 |
| 7 | हनुमानगढ़ | 18.74 |
| 8 | श्रीगंगानगर | 14.01 |
| 9 | बीकानेर | 13.11 |
| 10 | फलोदी | 11.18 |
| 11 | बाड़मेर | 10.00 |
| 12 | जैसलमेर | 07.01 |

