Aligarh News: दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर दो मंजिला मकान से कूदी महिला: वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने दो मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई और तड़पने लगी। इस पूरी घटना का वीडियो किसी पड़ोसी ने बनाया। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

अलीगढ़ में गोंडा के गांव दौंकोली में ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आई महिला अर्चना दो मंजिला मकान की छत पर पहुंच गई। पति ने उसे उकसाना शुरू कर दिया और कहा, कूद जाओ। देखते ही देखते महिला ने छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने के बाद जमीन पर तड़पती। महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अर्चना, के पति का नाम सोनू है। दोनों की शादी को लगभग छह साल हो चुके हैं। उनके दो बच्चे हैं. एक बेटा और एक बेटी. अर्चना के भाई, अंकित कुमार (थाना खैर के सभापुर गांव के निवासी), ने बताया कि शादी के बाद से ही अर्चना को उसके पति सोनू, ससुर प्रेमपाल, सास नेहनी देवी, जेठ प्रमोद, और जेठानी दुर्गेश देवी दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उनकी मांग थी कि अर्चना अपने मायके से पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल लाए।
भाई का आरोप है कि जेठ उसकी बहन पर बुरी नीयत रखता था। इसकी शिकायत अर्चना ने अपनी सास और पति से की तो उन्होंने उसे ही पीटा। अर्चना ने एक पुत्र व एक पुत्री को भी जन्म दिया। लेकिन ससुराल के लोगों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। 1 अगस्त को भी उसे प्रताड़ित किया और छत से कूदने के लिए उकसाया। सीओ इगलास महेश कुमार का कहना है कि पीड़िता के मायके वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तमाशबीन बने ससुराल वाले
महिला पर छत पर पहुंची तो पति सोनू उसे उकसाता रहा। परिवार के अन्य सदस्य तमाशबीन बने थे। महिला को खरी-खोटी सुना रहे थे। माना जा रहा है कि वायरल वीडियो पड़ोस के किसी व्यक्ति ने बनाया है। महिला के नीचे गिरते ही चीख पुकार मच गई। महिला के बच्चे चीखते रहे। पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए

