Kokilaben Ambani Health Update: कोकिलाबेन अंबानी की तबीयत बिगड़ी: मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी की मां के स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि कोकिलाबेन को आज सुबह एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजनेसमैन मुकेश और अनिल अंबानी की मां कोकिलाबेन अंबानी की अचानक तबीयत खराब हो गई है। उन्हें शुक्रवार (22 अगस्त) सुबह एयरलिफ्ट करके मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने बताया कि 91 वर्षीय कोकिलाबेन को थोड़ी कमजोरी महसूस हो रही थी। जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया।
भर्ती करने के तुरंत बाद ही उनका इलाज शुरू कर दिया गया और कई जरूरी रिपोर्ट्स ली गईं। रिपोर्ट आने तक उन्हें लगातार निगरानी में रखा जा रहा है।
गुजरात के जामनगर में हुआ था जन्म
24 फरवरी, 1934 को गुजरात के जामनगर में पैदा हुईं कोकिलाबेन अंबानी को अंबानी परिवार की कुलमाता माना जाता है। उन्हें न केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज के फाउंडर दिवंगत धीरूभाई अंबानी की पत्नी के रूप में, बल्कि तेजी से बदलते इस दौर में परिवार का मार्गदर्शन और समर्थन करने में उनकी भूमिका के लिए भी सम्मान दिया जाता है। परिवार को एकजुट रखने में भी उनकी भूमिका है।
कोकिलाबेन देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन फैमिली की एक वरिष्ठ सदस्य हैं। उनके पास रिलायंस इंडस्ट्रीज के 1.57 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 18,000 करोड़ रुपए है कोकिलाबेन का विवाह 1955 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरूभाई अंबानी से हुआ था। उनके चार बच्चे हैं – मुकेश, अनिल, नीना और दीप्ति।
मुश्किल घड़ी में परिवार को जोड़े रखने वाली प्रेरणास्रोत
धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद जब रिलायंस परिवार कठिन दौर से गुजर रहा था। तब कोकिलाबेन अंबानी ने परिवार को टूटने से बचाने में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2002 में धीरूभाई अंबानी के निधन के समय उन्होंने कोई वसीयत नहीं छोड़ी थी। जिससे उनके दोनों बेटों — मुकेश और अनिल अंबानी — के बीच मतभेद पैदा हो गए। दोनों भाइयों के रिश्तों में खटास आ गई, जबकि एक समय में वे एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे।
ऐसे तनावपूर्ण समय में कोकिलाबेन ने मध्यस्थता की और सूझबूझ से पारिवारिक विवाद का समाधान निकाला। उनके प्रयासों से कारोबार का बंटवारा हुआ।
बंटवारे में मुकेश अंबानी के हिस्से में पेट्रोकेमिकल्स सहित तेल और गैस, रिफाइनिंग और टेक्सटाइल्स आए। जबकि अनिल अंबानी को फाइनेंशियल सर्विसेज, पावर, एंटरटेनमेंट और टेलीकॉम का कारोबार संभालने के लिए दिया गया। एक तरफ जहां 2020 में अनिल अंबानी ने ऐलान किया उनका नेटवर्थ जीरो हो चुका है। वहीं, मुकेश अपनी सूझबूझ से कारोबार आगे बढ़ाते गए और अब आलम यह है कि वह दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में बने हुए हैं।
समाज सेवा से जुड़ी कोकिलाबेन
कोकिलाबेन बड़े पैमाने पर समाज सेवा के कार्यों से भी जुड़ी हुई हैं। मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल का नाम उनके सम्मान में उनके नाम पर रखा गया है, जो एक मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल है। यह सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का ही एक सबूत है।

