Jaipur News: गणेश घोगरा बने आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष, गोविंद सिंह डोटासरा ने जताया आभार और संगठन मजबूती का लिया संकल्प
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय जयपुर में आदिवासी कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश घोगरा ने जताया आभार, संगठन की मजबूती का लिया संकल्प

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर आज आदिवासी कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक श्री गणेश घोगरा ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह डोटासरा का आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री डोटासरा ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक गणेश घोगरा ने पार्टी के लिए जो समर्पण दिखाया है, वह प्रदेश कांग्रेस और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेताओं के सामने भी है। यही वजह है कि आदिवासियों और युवाओं के लिए लड़ाई लड़ने वाले विधायक गणेश घोगरा को आदिवासी कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि गणेश घोगरा में संघर्ष और नेतृत्व की क्षमता है, वे निडरता से अपनी बात रखते हैं, इसलिए उनका चयन किया गया है।
डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में जो संगठन सृजन कार्यक्रम चल रहा है, वह ऐतिहासिक है और इसमें सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में वोट अधिकार छीनने और वोट चोरी के प्रयास बढ़ गए हैं, जिसका मुद्दा राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा और राज्यसभा में लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर चुनाव आयोग का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से हुई बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अब तक वहां जाकर हालचाल तक नहीं पूछा, जबकि कांग्रेस पदाधिकारी और वे स्वयं वहां जाकर मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने झुंझुनू में शहीद हुए एयरफोर्स अधिकारी सुरेंद्र मोगा को श्रद्धांजलि न देने पर भी मुख्यमंत्री की निंदा की।
डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में जनता की भलाई के काम बंद हो गए हैं। जहां कभी मुफ्त दवा, समय पर छात्रवृत्ति, पेंशन, सड़कों का निर्माण होता था, अब केवल भाजपा के झूठ, अत्याचार और पाखंड का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई मंत्री अपनी पार्टी की ही आलोचना कर रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता दिखाता है।
उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में विकास न होने पर चिंता जताई और कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आदिवासियों के हितों के लिए काम करती है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए तत्पर रहें और पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाएं।

