Rajasthan News Update: हर घर तिरंगा देशभक्ति का अभियान: केवल कार्यक्रम नहीं: CM भजनलाल शर्मा
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के भीतर देशभक्ति के जज्बे को जगाने का राष्ट्रीय अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 11 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उनका उत्सव मनाने का भी यह एक माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम आमजन से जुड़ने के सर्वोत्तम अवसर होते हैं। तिरंगा अभियान में भाजपा बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और संभाग स्तर पर वृहद स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही देश का विभाजन कराया और आज भी कांग्रेस नेता पाकिस्तान जैसी भाषा बोल रहे हैं।
वीडी शर्मा का ताना— एक ओर मोदी जी, दूसरी ओर पाकिस्तान की भाषा बोलने वाले नेता
मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वी डी शर्मा ने कहा कि “हर घर तिरंगा” और “विभाजन विभीषिका दिवस” हमारी नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जब प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र प्रथम की भावना से दिन-रात काम कर रहे हैं, कुछ नेता सदन में पाकिस्तान का एजेंडा चला रहे हैं। शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बार की तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाना होगा और जन—जन तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाना होगा।
अशोक परनामी ने बताया तिरंगा अभियान का रोडमैप
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अभियान संयोजक अशोक परनामी ने बताया कि— 10 से 14 अगस्त तक मंडल, जिला और संभाग स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
- 13 से 15 अगस्त तक हर घर—प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराया जाएगा।
- 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
- 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा जिसमें मौन जुलूस और संगोष्ठी के माध्यम से विभाजन की त्रासदी की जानकारी दी जाएगी। देश की सेवा में शहीद हुए वीरों और उनके परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यशाला में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
इस अवसर पर मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण चतुर्वेदी, राजेंद्र राठौड़, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मोतीलाल मीणा, मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, श्रवण सिंह बगड़ी, संतोष अहलावत, ओमप्रकाश भड़ाना, भूपेंद्र सैनी और महेंद्र बोहरा मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने किया और आभार मुकेश दाधीच ने जताया।

