Gold Price Today: सोना ₹1.00 लाख के पार, चांदी ₹1.13 लाख प्रति किलो: साल के अंत तक ₹1.30 लाख तक पहुंच सकती है चांदी
सोने के दाम आज यानी 6 अगस्त को अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने का दाम 596 रुपए बढ़कर 1,00,672 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले सोने का भाव 1,00,076 रुपए पर था।

वहीं, चांदी की कीमत 1,154 रुपए बढ़कर 1,13,576 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी 1,12,422 रुपए पर थी। वहीं, 23 जुलाई को चांदी ने 1,15,850 रुपए ऑल टाइम हाई बनाया था।
इस साल ₹1.04 लाख तक जा सकता है सोना, चांदी ₹1.30 लाख के पार
नई दिल्ली – सोने और चांदी की कीमतों में इस साल जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि अमेरिका में टैरिफ और वैश्विक तनाव (जियो पॉलिटिकल टेंशन) के चलते सोने की मांग में इजाफा हुआ है। इस कारण सोने की कीमत इस साल ₹1,04,000 प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है, जबकि चांदी का भाव ₹1,30,000 प्रति किलो तक पहुंचने का अनुमान है।
इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 24,235 रुपए बढ़कर 1,00,672 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 27,559 रुपए बढ़कर 1,13,576 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं पिछले साल यानी 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

