Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून मेहरबान: 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, 11-12 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में मानसून इस साल जमकर मेहरबान है। अब तक सामान्य से करीब 128 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। बुधवार को भी मौसम विभाग ने 25 जिलों में बारिश का अलर्ट दिया है।

तेज बारिश का दौर अगले 5 दिन तक जारी रह सकता है। वहीं, विभाग ने 11 और 12 जुलाई को कोटा, भरतपुर, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी दी है।
आज 25 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक आज बुधवार 9 जुलाई को प्रदेश के 25 जिलों (पुराने 33 जिलों के हिसाब से) में बारिश होने वाली है। जिन जिलों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। उनमें अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और गंगानगर शामिल हैं। इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बीसलपुर का लेवल लगातार बढ़ रहा टोंक में कई जगह रिमझिम बारिश हुई। बीसलपुर बांध में पिछले 24 घंटे में मंगलवार सुबह 6 बजे तक 4 सेंटीमीटर पानी आया। इसके बाद सुबह 6 बजे तक बांध का जलस्तर 313.86 आरएल मीटर पर पहुंच गया।
इससे बांध में पानी का 27.322 टीएमसी में भराव हो गया है, जो बांध की कुल भराव क्षमता 38.703 का 70.59 फीसदी है। इसके साथ ही बांध के भराव क्षेत्र में बहने वाली त्रिवेणी नदी 2.80 मीटर की स्पीड से बह रही है।
| क्रमांक | शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 33.5 | 23.8 |
| 2 | भीलवाड़ा | 32.4 | 24.9 |
| 3 | अलवर | 36.4 | 24.9 |
| 4 | जयपुर | 34.8 | 27.1 |
| 5 | पिलानी | 38.2 | 25.7 |
| 6 | सीकर | 35.5 | 24.0 |
| 7 | कोटा | 33.5 | 26.4 |
| 8 | चित्तौड़गढ़ | 33.2 | 24.7 |
| 9 | उदयपुर | 30.8 | 25.0 |
| 10 | बाड़मेर | 35.9 | 26.5 |
| 11 | जैसलमेर | 36.6 | 27.8 |
| 12 | जोधपुर | 34.6 | 26.1 |
| 13 | बीकानेर | 38.6 | 28.0 |
| 14 | चूरू | 37.7 | 26.6 |
| 15 | गंगानगर | 38.9 | 27.6 |
| 16 | नागौर | 36.3 | 27.2 |
| 17 | हनुमानगढ़ | 37.0 | 26.5 |
| 18 | जालौर | 32.4 | 25.7 |
| 19 | फतेहपुर | 36.2 | 26.9 |
| 20 | करौली | 34.6 | 27.2 |
| 21 | दौसा | 35.0 | 27.4 |
| 22 | प्रतापगढ़ | 29.6 | 23.3 |
| 23 | झुंझुनूं | 35.8 | 26.4 |
| 24 | पाली | 32.3 | 24.4 |
राजस्थान में कुछ शहरों को छोड़कर सभी शहरों में मौसम शुष्क रहा। हल्के बादल रहे और हल्की धूप रही। वातावरण में नमी (ह्यूमिडिटी लेवल) ज्यादा होने से दिनभर उमस वाली गर्मी रही। अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, सीकर, उदयपुर, जोधपुर समेत कई जिलों में ह्यूमिडिटी का लेवल 75 से ऊपर दर्ज हुआ।

