प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पिछले 30 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली घाना यात्रा है। पीएम मोदी ने घाना की संसद को भी संबोधित किया।
पीएम ने कहा कि मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र हमारे लिए सिस्टम नहीं, संस्कार है। पीएम ने देशवासियों की तरफ से आभार जताते हुए कहा कि कल शाम का अनुभव बहुत ही मार्मिक था, मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति जॉन महामा से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना सम्मान की बात है। भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से मैं इस सम्मान के लिए घाना के लोगों को धन्यवाद देता हूं।
छात्रवृत्तियों की संख्या दोगुनी की जाएगी
पीएम मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि घाना के लिए ICCR और ITEC छात्रवृत्तियों की संख्या दोगुनी की जाएगी। इसके अलावा युवाओं को व्यावसायिक शिक्षा देने के उद्देश्य से एक स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में घाना के राष्ट्रपति महामा के “Feed Ghana” कार्यक्रम में सहयोग देने की बात कही गई।
वैक्सीन निर्माण में सहयोग
इसके अलावा, पीएम मोदी ने जन औषधि केंद्रों के जरिए घाना की जनता को किफायती और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। वैक्सीन निर्माण में सहयोग पर भी बातचीत हुई। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में घाना के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आतंकवाद निरोधक सहयोग को और गहराने का संकल्प लिया है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र में सुधारों को लेकर दोनों देशों के नजरिए में समानता है।
घाना साहस के साथ खड़ा है- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत में 2500 राजनीतिक दल हैं। 20 अलग-अलग पार्टियां अलग-अलग राज्यों में सरकार चला रही हैं। यही वजह है कि भारत में आने वाले लोगों को भारत में भव्य स्वागत होता है। घाना में भारत के लोग उसी तरह घुले-मिले हैं जैसे चाय में शक्कर मिली होती है। पीएम ने कहा, जब हम घाना को देखते हैं तो हम एक ऐसे राष्ट्र को देखते हैं जो साहस के साथ खड़ा है। समावेशी प्रगति के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने वास्तव में घाना को पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के लिए प्रेरणा का केंद्र बना दिया है।
हमारे लिए लोकतंत्र सिस्टम नहीं संस्कार हैं- पीएम मोदी
घाना की संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- भारत और घाना के संबंध काफी मजबूत हैं। भारत-घाना समावेशी विकास की ओर बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारे लिए लोकतंत्र सिस्टम नहीं संस्कार हैं। घाना में पिछले कुछ वर्षों से काफी तेजी से विकास हुआ है। इस वक्त भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा- दुनिया इस वक्त कई समस्याओं से जूझ रही है। जिसमें आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन इस समय बड़ी समस्याएं हैं। वहीं भारत का लोकतंत्र आशा की किरण बना हुआ है।
2025 में कितने देशों ने दिया सम्मान
साल 2025 की बात करें तो इस साल घाना और साइप्रस के अलावा श्रीलंका, मॉरिशस ने भी पीएम को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा था. घाना की बात करें तो पीएम मोदी यहां पर दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं। यहां पर जनता उनको मिलने के लिए बहुत उत्सुक थी और पीएम को सम्मान में लाखों की संख्या में लोग जमा थे। पीएम ने घाना के लोगों से उनके भव्य स्वागत के लिए आभार प्रकट किया था।