Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून का जोर: 27 जिलों में येलो अलर्ट: कई जगह तेज बारिश, सिरोही में बाढ़ जैसे हालात
राजस्थान के 27 जिलों में आज भी बारिश की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। मानसून रविवार को पूरे राजस्थान को कवर करते हुए पाकिस्तान तक पहुंच गया। अमूमन मानसून 8 जुलाई तक पूरे राजस्थान को कवर करता है, लेकिन इस बार मानसून ने 29 जून को ही पूरे राजस्थान को कवर कर लिया।

रविवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सिरोही समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। सिरोही में रविवार को सुबह 3.30 बजे से 4 घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुक कर 11 बजे तक बारिश होती रही। यहां पालड़ी एम थाना इलाके में एक कैंपर गाड़ी निर्माणाधीन पुलिया के पास कच्चे रास्ते पर पानी के तेज बहाव में फंस गई। आसपास के लोगों ने गाड़ी सवार 4 लोगों सुरक्षित बाहर निकाला। कालिंद्री थाना इलाके के बावली गांव में कार बह गई। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से ड्राइवर को बाहर निकाला।
सिरोही में 125 एमएम बारिश
प्रदेश में रविवार को सबसे ज्यादा बारिश सिरोही में दर्ज की गई। यहां सुबह 4 घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुककर बारिश होती रही। दिन भर में यहां 125 एमएम बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के चलते यहां कई वाहन तेज बहाव में भी फंस गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने मदद कर सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं जयपुर से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए युवक की टोंक जिले में बनास नदी में डूबने से मौत हो गई। झुंझुनू में भी डूबने से दो बच्चों की जान चली गई।
प्रदेश के बांधों की स्थिति पर एक नजर
प्रदेश में मानसून के पहले चरण में अच्छी बारिश की वजह से बांधों में भी पानी की आवक हो रही है। प्रदेश के 22 बड़े बांध अभी अपनी क्षमता के 65.11% के स्तर पर भरे हुए हैं। वहीं 263 छोटे-मध्यम आकार के बांध अपनी कुल भराव क्षमता के 27.48% के स्तर पर हैं। इसमें से 28 छोटे और मध्यम आकार के बांध पूरी तरह भर चुके हैं।
अब तक 152 फीसदी ज्यादा बरसात मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में मानसून के इस सीजन में अब तक औसत से 152 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। राजस्थान में 1 से 28 जून तक 46.6MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 117.3MM औसत बरसात हो चुकी है।
| क्रम | शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 35.8 | 23.9 |
| 2 | भीलवाड़ा | 32.0 | 25.7 |
| 3 | अलवर | 34.2 | 27.2 |
| 4 | जयपुर | 35.0 | 26.2 |
| 5 | पिलानी | 37.2 | 26.7 |
| 6 | सीकर | 35.5 | 25.4 |
| 7 | कोटा | 34.3 | 27.0 |
| 8 | चित्तौड़गढ़ | 31.3 | 25.6 |
| 9 | उदयपुर | 30.2 | 24.9 |
| 10 | बाड़मेर | 34.5 | 28.0 |
| 11 | जैसलमेर | 36.5 | 28.1 |
| 12 | जोधपुर | 33.9 | 26.7 |
| 13 | बीकानेर | 40.8 | 30.0 |
| 14 | चूरू | 39.2 | 29.2 |
| 15 | गंगानगर | 40.3 | 31.2 |
| 16 | नागौर | 36.8 | 27.5 |
| 17 | हनुमानगढ़ | 37.7 | 28.7 |
| 18 | फतेहपुर | 37.2 | 28.0 |
| 19 | करौली | 33.3 | 26.8 |
| 20 | दौसा | 34.2 | 27.1 |
| 21 | झुंझुनूं | 36.1 | 28.0 |
| 22 | पाली | 31.0 | 25.1 |

