Air India Boeing Controversy: एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर संकट: टेक्निकल खामियों के चलते कई फ्लाइट्स रद्द
एअर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मंगलवार को रद्द कर दी गईं। अहमदाबाद में एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के हादसे के बाद एअरलाइन के अंतरराष्ट्रीय संचालन पर असर पड़ा है।

तकनीकी जांच के कारण मंगलवार को कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। यात्रियों को होटल, रिफंड और रीशेड्यूलिंग की सुविधा दी गई है। वहीं, बम की धमकी के बाद इंडिगो की एक उड़ान की नागपुर में आपात लैंडिंग कराई गई।
अहमदाबाद में 12 जून को AI-171 फ्लाइट क्रैश हुई थी। इसकी जगह अहमदाबाद से लंदन के लिए नई फ्लाइट AI-159 शुरू की गई है। यह फ्लाइट मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द की गई। फ्लाइट को दोपहर 1.10 बजे उड़ान भरना था, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले तकनीकी खामी की बात कही गई। 16 जून को भी यह फ्लाइट रद्द की गई थी।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI142 भी टेक्निकल परेशानी के बाद रद्द की गई, जो उड़ान से पहले जांच के दौरान सामने आई। इसके अलावा लंदन से अमृतसर आ रही फ्लाइट को भी तकनीकी दिक्कतों के चलते रद्द किया गया।
रद्द की गई प्रमुख उड़ानों में शामिल हैं
- AI915 – दिल्ली से दुबई – बोइंग 788 ड्रीमलाइनर
- AI153 – दिल्ली से विएना – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI143 – दिल्ली से पेरिस – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI159 – अहमदाबाद से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI170 – लंदन से अमृतसर – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI133 – बंगलूरू से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI179 – मुंबई से सैन फ्रांसिस्को – बोइंग 777
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट को कोलकाता में उतारा गया
फ्लाइट AI-180, जो सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही थी, उसे तकनीकी खराबी के चलते मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारा गया। विमान बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) को रात 12:45 बजे कोलकाता में लैंड कराया गया था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन बाएं इंजन में खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। सुबह 5:20 बजे यात्रियों को फ्लाइट से बाहर निकाल दिया गया।
एअर इंडिया के अनुसार, यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। DGCA ने मामले का संज्ञान लिया है और एयरलाइन को तत्काल फ्लाइट सेफ्टी सुधारने, ऑपरेशंस सख्त करने और समय पर उड़ान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना, नागपुर में आपात लैंडिंग
इंडिगो की मस्कट-कोच्चि-दिल्ली फ्लाइट में बम की सूचना के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। सूचना मिलते ही फ्लाइट को डायवर्ट किया गया और नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के बीच लैंड कराया गया।
नागपुर पुलिस के अनुसार, सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेन से उतार लिया गया है और बम स्क्वॉड द्वारा तलाशी अभियान जारी है। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
DGCA ने की सख्ती, एयरलाइंस को दिए सख्त निर्देश
फ्लाइट सुरक्षा में लगातार आ रही गड़बड़ियों को देखते हुए मंगलवार को DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने एअर इंडिया के अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। इसमें एयरलाइन को विमान सुरक्षा सुनिश्चित करने, तकनीकी जांच को मजबूत करने और उड़ानों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।