Rajasthasn Rain Alert: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिज़ाज: 14 जून से आंधी और बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे में राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

कल, यानी 14 जून से, राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 14 से 15 जून के बीच मेघगर्जन और आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 15 जून को दोपहर बाद ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।
बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक तेज धूलभरी हवाएं चलने का भी अनुमान है।
गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी
गुरुवार को राजस्थान के 17 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां 47.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई। प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा, आठ शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा।
जयपुर-अजमेर समेत कई जिलों में बरसात भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम बदला और आंधी के साथ बारिश हुई। जयपुर, अलवर, अजमेर, भरतपुर, जोधपुर में बादल छाए और आंधी चलने के साथ बारिश हुई। जयपुर में वीकेआई एरिया में बरसात हुई। दिल्ली-एनसीआर से सटे भरतपुर, हनुमानगढ़, अलवर और झुंझुनूं में भी आंधी चली और बारिश हुई।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जैसलमेर और नागौर में आंधी—बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पाली, जोधपुर, जालोर और बाड़मेर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में हीटवेव का रेड अलर्ट रहेगा। चूरू में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा झुंझुनूं और बीकानेर में हीटवेव का येलो अलर्ट रहेगा।
राजस्थान के जिलों का तापमान
शहर | अधिकतम तापमान (°C) |
---|---|
श्रीगंगानगर | 47.8 |
कोटा | 46.3 |
चूरू | 46.2 |
चित्तौड़गढ़ | 45.9 |
पिलानी | 45.7 |
अलवर | 45.4 |
जैसलमेर | 45.3 |
जयपुर | 45.2 |
बीकानेर | 45.2 |
दौसा | 45.2 |
फलोदी | 45.0 |