Gold Price Today: सोने-चांदी के दामों में गिरावट: फिर भी इस साल अब तक 20 हजार तक महंगा हुआ सोना
आज सोने और चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद इस साल दोनों धातुएं अब तक काफी महंगी हो चुकी हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोना आज ₹304 सस्ता होकर ₹96,055 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले इसकी कीमत ₹96,359 प्रति 10 ग्राम थी।

चांदी ₹806 सस्ती होकर ₹1,06,194 प्रति किलो पर पहुंच गई है। कल चांदी की कीमत ₹1,07,000 प्रति किलो थी, जो इसका अब तक का सर्वाधिक स्तर (ऑल टाइम हाई) था।
2025 में अब तक ₹19,893 महंगा हो चुका है सोना
1 जनवरी 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹76,162 था, जो अब बढ़कर ₹96,055 हो गया है। यानी इस साल अब तक सोना ₹19,893 महंगा हो चुका है। इसी तरह, चांदी का भाव जनवरी में ₹86,017 प्रति किलो था, जो अब बढ़कर ₹1,06,194 हो चुका है। यानी चांदी में ₹20,177 का इजाफा हुआ है पिछले साल 2024 में सोना कुल ₹12,810 महंगा हुआ था। इस लिहाज से 2025 की आधी अवधि में ही इसकी कीमत में रिकॉर्ड तेजी देखी जा रही है।
1 लाख के पार जा सकता है सोना, चांदी भी 1.30 लाख तक पहुंच सकती है
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि जियोपॉलिटिकल टेंशन यानी वैश्विक तनाव के चलते सोने की मांग बढ़ रही है। इससे इसकी कीमत को समर्थन मिल रहा है। उनका अनुमान है कि यदि यही ट्रेंड बना रहा, तो इस साल सोने की कीमत ₹1,03,000 प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।