Gold Price Today Update: सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल: 24 कैरेट सोना ₹95,627 और चांदी ₹97,653 प्रति किलो पहुंची
सोने और चांदी की कीमतों में आज फिर एक बार बढ़त दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार मंगलवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹475 की तेजी के साथ ₹95,627 तक पहुंच गया, जो इससे पहले ₹95,152 था। चांदी के दाम में भी ₹1,128 की बढ़त दर्ज की गई और अब यह ₹97,653 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच चुकी है।

सोना और चांदी दोनों महंगे हुए
21 अप्रैल को सोना ₹99,100 प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बना चुका है, जबकि चांदी ने 28 मार्च को ₹1,00,934 प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। आज की बढ़त के बाद दोनों धातुएं अपने उच्चतम स्तर की ओर फिर बढ़ती नजर आ रही हैं।
2025 में अब तक ₹19,465 महंगा हो चुका है सोना
इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 19,465 रुपए बढ़कर 95,627 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 11,636 रुपए बढ़कर 97,653 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं पिछले साल यानी 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।
कई फैक्टर से सोने के दाम प्रभावित
गौरतलब है कि सोने के दाम रोजाना के आधार पर तय किए जाते हैं। इसमें डॉलर की कीमत में उतार चढ़ाव, क्रूड ऑयल के दाम, एक्सचेंज रेट समेत ऐसे कई फैक्टर हैं। जो सोने और चांदी के दाम को प्रभावित करते हैं। इसके अलावा, सोना और चांदी की भारतीय समाज में खास अहमियत है। इसे किसी भी परिवार के लिए जहां संपन्नता का प्रतीक माना जाता है तो वहीं ये शादी-ब्याह या फिर किसी पर्व त्योहार में काफी शुभ माना जाता है। इसलिए उन दिनों इसकी जमकर खरीदारी की जाती है।