Bengaluru SBI manager controversy: कर्नाटक में हिंदी बोलने पर विवाद: SBI की महिला मैनेजर और ग्राहक के बीच तीखी बहस: वीडियो हुआ वायरल
देश में भाषा को लेकर आए दिन विवाद होते रहते हैं लेकिन अब फिर से भाषाई विवाद उभरा हैं कर्नाटक के बेंगलुरु शहर के चंदापुरा इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक शाखा में हिंदी बोलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

यह मामला तब सामने आया जब बैंक की महिला मैनेजर प्रियंका, जो कि बिहार की राजधानी पटना की रहने वाली हैं, एक ग्राहक से कन्नड़ भाषा में संवाद नहीं करने को लेकर बहस में उलझ गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राज्य में भाषाई पहचान और राष्ट्रीय भाषा को लेकर बहस फिर गरमा गई है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, SBI चंदापुरा शाखा में कार्यरत मैनेजर प्रियंका एक ग्राहक से हिंदी में बात कर रही थीं, जबकि ग्राहक कन्नड़ में संवाद करने की मांग कर रहा था। ग्राहक का कहना था, “यह कर्नाटक है, यहाँ कन्नड़ बोलना चाहिए।” इस पर प्रियंका ने जवाब दिया, “यह भारत है, और हिंदी मेरी राष्ट्रभाषा है। मैं हिंदी में ही बात करूंगी।”
ग्राहक द्वारा बार-बार कन्नड़ में बात करने के लिए कहे जाने पर दोनों के बीच बहस तेज हो गई। वायरल वीडियो (1 मिनट 23 सेकेंड) में देखा जा सकता है कि ग्राहक लगातार कन्नड़ भाषा की मांग करता है, जबकि प्रियंका राष्ट्रभाषा होने का हवाला देकर हिंदी बोलने पर अड़ी रहती हैं। ग्राहक ने व्यंग्यात्मक रूप से उन्हें “सुपर मैडम” कहा और लोगों से बैंक को सबक सिखाने की अपील भी की।
सोशल मीडिया पर बवाल
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लाखों बार देखा जा चुका है। तमाम यूजर्स ने इसे कर्नाटक की भाषा और सांस्कृतिक पहचान का अपमान बताया है। एक यूजर ने लिखा, “अगर यही उत्तर भारत में किसी दक्षिण भारतीय के साथ होता तो?” वहीं, कई लोगों ने मैनेजर का समर्थन करते हुए कहा कि भारत एक बहुभाषी देश है और हिंदी में बात करना कोई अपराध नहीं है।
SBI ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद एसबीआई बैंक की तरफ से सफाई दी गई और कहा गया कि, “हम एओ साउथ बेंगलुरु की सूर्य नगर शाखा में हाल ही में हुई घटना से बेहद चिंतित हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है।” एसबीआई ग्राहकों की भावनाओं को प्रभावित करने वाले व्यवहार के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति का पालन करता है और सम्मानजनक आचरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम अपने ग्राहकों की भावनाओं और स्थानीय संस्कृति का सम्मान करते हैं। इस घटना की जांच की जा रही है। बैंक ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाता है।
बैंक प्रबंधन की कार्रवाई, रातों-रात ट्रांसफर
जैसे ही मामला तूल पकड़ता गया, SBI प्रबंधन हरकत में आया. बैंक ने रातों-रात उस महिला मैनेजर का तबादला कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, बैंक ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्हें लगा कि जब कोई अधिकारी कन्नड़ नहीं बोल सकता, तो कर्नाटक जैसे राज्य में उसकी मौजूदगी से विवाद और बढ़ सकता है. हालांकि, ट्रांसफर को लेकर भी सवाल उठे – क्या यह सिर्फ हल्की सजा है? क्या इतनी बड़ी गलती के लिए तबादला ही काफी है? सोशल मीडिया पर भी लोग बंटे नजर आए.
ट्रांसफर के लिए CM ने SBI काे धन्यवाद कहा
इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना की निंदा करते हुए X पर लिखा कि ‘सूर्य नगर, अनेकल तालुक में SBI शाखा प्रबंधक का व्यवहार, कन्नड़ और अंग्रेजी में बात करने से इनकार करना और नागरिकों के प्रति अनादर दिखाना, बहुत निंदनीय है।’
‘ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। सभी बैंक कर्मचारियों को ग्राहकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए और स्थानीय भाषा में बात करने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।
फिर से उभरा भाषाई विवाद
इससे पहले भी बेंगलुरु में हिंदी बोलने पर ऑटो चालकों द्वारा अधिक किराया वसूलने जैसे मामले सामने आ चुके हैं। कुछ लोग इसे क्षेत्रीय अस्मिता का सवाल मानते हैं, जबकि अन्य इसे भाषाई भेदभाव करार देते हैं। इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर कन्नड़ भाषा को लेकर बड़ी बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने कर्नाटक में कन्नड़ बोलने की जरूरत की बात की, जबकि अन्य ने यह तर्क दिया कि भारत में विभिन्न भाषाएं बोली जाती हैं और हर किसी के लिए सभी भाषाओं को सीखना संभव नहीं है। इसके साथ ही, यह विवाद उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों को लेकर भी बढ़ गया।