Congress Save Constitution Rally: सीपी जोशी ने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान को किया नकारात्मक: कहा केवल राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश
लोकसभा याचिका समिति के अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने 28 अप्रैल को जयपुर में आयोजित संविधान बचाओ रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का तथाकथित संविधान बचाओ अभियान न तो संविधान की रक्षा के लिए है और न ही लोकतंत्र के लिए, बल्कि यह सिर्फ अपनी राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की एक नाकाम कोशिश है। जोशी ने कहा कि आज कांग्रेस के नेताओं ने केवल पार्टी को मजबूत करने की बात की, क्योंकि उन्हें यह भली-भांति पता है कि कांग्रेस प्रदेश में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में कमजोर, बदहाल और बिखरी हुई है।
सांसद सीपी जोशी ने इस अवसर पर कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में देश की जनता ने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा, उससे ज्यादा किया। उन्होंने आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया है। देश के जवानों ने पुलवामा और उरी जैसे आतंकवादी हमलों का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दिया था। दुश्मन को घर में घुसकर करारा जवाब दिया था। जब प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम घटना के बाद कहा था कि पीड़ितों को न्याय मिलेगा और गुनहगारों को कठोर सजा दी जाएगी, तो पाकिस्तान की रूह कांप गई थी। जोशी ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास करना चाहिए, ना कि इस पर बेतुकी बयानबाजी करनी चाहिए, जो देशहित में नहीं है।
सीपी जोशी ने यह भी कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने संविधान की मूल भावनाओं को जमींन पर उतारने का काम किया है। वहीं कांग्रेस को केवल झूठ बोलने और भ्रम फैलाने के अलावा कोई और काम नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संविधान बचाने की बात करने से पहले सौ बार सोचना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है, इमरजेंसी लगाकर संविधान की हत्या की, लोकतंत्र की हत्या की। उन्होंने अपनी निजी स्वार्थ के लिए संविधान में कई बदलाव किए और खुद संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। अब ये लोग संविधान की किताब जेब में रखकर घूम रहे हैं।