Rajasthan Weather Update: राजस्थान में बढ़े तापमान से लोगों की परेशानियां बढ़ीं: हीटवेव का अलर्ट जारी
राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है और तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। शनिवार को बारिश और ओलावृष्टि के बाद रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य रहा, लेकिन अब तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो गई है।

कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, और कुछ स्थानों पर हीटवेव का प्रभाव भी बढ़ गया है। बाड़मेर में तो 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कुछ इलाकों में अभी भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की वर्षा और मेघगर्जन देखी गई। श्रीगंगानगर जिले में धूल भरी आंधी चली और सीकर में भी आंधी का असर देखने को मिला। वहीं, राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई। सर्वाधिक वर्षा वनस्थली (टोंक) और डीडवाना (नागौर) में 1.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस बीच, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के प्रमुख जिलों का तापमान इस प्रकार रहा:
- अजमेर: 40.4 डिग्री
- अलवर: 40.6 डिग्री
- जयपुर: 40.4 डिग्री
- सीकर: 39.5 डिग्री
- कोटा: 42.2 डिग्री
- चित्तौड़गढ़: 43.4 डिग्री
- बाड़मेर: 46.4 डिग्री
- जैसलमेर: 45.5 डिग्री
- जोधपुर: 43.5 डिग्री
- बीकानेर: 42.8 डिग्री
- चूरू: 42.6 डिग्री
- श्रीगंगानगर: 43.2 डिग्री
- माउंट आबू: 31.2 डिग्री
मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले 3 से 4 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, और जोधपुर तथा बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में तापमान 44-46 डिग्री तक पहुंच सकता है। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव और रात में गर्म हवा चलने की संभावना है, जिसका असर 30 अप्रैल तक रहेगा।
हालांकि, मई के पहले सप्ताह में राहत की उम्मीद है। विभाग ने बताया कि मई के पहले सप्ताह में मेघगर्जन, आंधी-बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।