US Vice President JD Vance Jaipur Visit Update: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस 21 अप्रैल से जयपुर दौरे पर: शाही स्वागत करेंगी हथिनी पुष्पा और चंदा
जयपुर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (जेडी) वेंस 21 अप्रैल से चार दिवसीय जयपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आमेर महल, जंतर मंतर और सिटी पैलेस जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

22 अप्रैल को आमेर महल के 433 साल पुराने सूरजपोल स्थित जलेब चौक में उनका शाही स्वागत किया जाएगा। इस स्वागत की खास बात होंगी हथिनी पुष्पा और चंदा, जो पारंपरिक गहनों से सजी होंगी।
62 लाख के गहनों से होगा स्वागत
हथिनी पुष्पा और चंदा को करीब 350 साल पुराने और 62 लाख रुपए मूल्य के चांदी के गहनों से सजाया जाएगा। इनमें 4 किलो वजनी कंठा हार, 1.3 किलो की पाजेब, 22 किलो का शाही हौदा, 2 किलो की सिरी और 1.3 किलो की पूंछ की सजावट शामिल है। इन गहनों का उपयोग रियासतकाल में शाही मेहमानों के स्वागत में किया जाता था।
स्वागत की खास जिम्मेदारी क्यों मिली पुष्पा और चंदा को?
हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान के अनुसार, 28 वर्षीय चंदा और 19 वर्षीय पुष्पा को विशेष रूप से शाही स्वागत के लिए प्रशिक्षित किया गया है। पुष्पा सूंड उठाकर आशीर्वाद देती है, जबकि चंदा फूल-माला पहनाने में माहिर है। इनका स्वभाव बेहद शांत और पर्यटकों के साथ दोस्ताना है। जो सुरक्षा प्रोटोकॉल के लिहाज से अहम है।

ढूंढाणी शैली की लोक चित्रकारी से होगी सजावट
22 अप्रैल की सुबह 6 बजे बल्लू खान दोनों हथिनियों को आमेर महल के जलेब चौक पहुंचाएंगे, जहां उन्हें घर में तैयार कच्चे प्राकृतिक रंगों से चेहरे, सूंड, कान और पैरों पर ढूंढाणी लोक चित्रकारी से सजाया जाएगा।
शाही स्वागत के बाद महल में प्रवेश
सुबह करीब 8 बजे उपराष्ट्रपति वेंस और उनकी पत्नी ऊषा चिलुकुरी आमेर महल पहुंचेंगे। वहां चंदा उन्हें हार पहनाएगी और पुष्पा आशीर्वाद देगी। इसके बाद दोनों शाही मेहमान महल में प्रवेश करेंगे। वे हाथी की सवारी करेंगे या नहीं, इसका निर्णय मौके पर सुरक्षा टीम द्वारा लिया जाएगा।
परंपरा की पांचवीं पीढ़ी निभा रही है जिम्मेदारी
बल्लू खान बताते हैं कि यह परंपरा उनकी पांचवीं पीढ़ी निभा रही है। करीब 350 साल पहले उनके पूर्वज कछवाहा राजवंश के लिए शाही महावत थे। जयपुर के घाटगेट इलाके में ‘मोहल्ला महावतान’ बसाया गया था, जहां अब भी लगभग 25,000 लोग रहते हैं और हाथियों की देखरेख करते हैं।
बिल क्लिंटन से लेकर बॉलीवुड सितारे तक कर चुके हैं सवारी
बल्लू खान के पिता और भाई वर्ष 2000 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी बेटी चेल्सी को शाही सवारी करवा चुके हैं। पुष्पा और चंदा अब तक अमेरिकी कोरियोग्राफर डाना एलिक्स, अभिनेता विद्युत जामवाल, क्रिकेटर यूसुफ पठान, रिक्की पोंटिंग और सूफी सिंगर फरहान साबरी जैसे कई दिग्गजों का स्वागत कर चुकी हैं।
2 से 3 टन वजन, 260 किलो की डेली डाइट
पुष्पा और चंदा का वजन 2 से 3 टन और ऊंचाई करीब 9 फीट है। इनकी रोजाना डाइट में 200 किलो गन्ना, 20 किलो ज्वार, 15 किलो हरा चारा, 10 किलो मतीरा, 10 किलो केले और 5 किलो गेहूं की रोटियां शामिल हैं। 140 बीघा में फैले हाथी गांव में इनके लिए नहाने के दो बड़े तालाब और आराम के लिए पंखों से युक्त रेस्ट रूम बने हुए हैं।
हाथियों से जुड़ी है 15 हजार लोगों की आजीविका
हाथी गांव के 65 हाथियों से लगभग 15 हजार लोगों की आजीविका जुड़ी है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए आमेर महल में हाथी की सवारी सुबह 8 से 10.30 बजे तक सीमित कर दी गई है। एक सवारी का शुल्क 1500 रुपए है, जिसमें से केवल 1200 रुपए ही हाथी मालिक को मिलते हैं। बल्लू खान का कहना है कि एक हाथी का रोज का खर्च 4 हजार रुपए से ज्यादा है, जिससे पालन-पोषण एक चुनौती बना हुआ है।