Rajasthan Court Timings Will Change: राजस्थान की अदालतों में बदला समय: अब गर्मियों में चलेगी मॉर्निंग शिफ्ट
राजस्थान की अदालतों में 15 अप्रैल से समय में बदलाव किया गया है। अब हाईकोर्ट से लेकर प्रदेश की सभी अधीनस्थ अदालतें गर्मियों के दौरान मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित होंगी।

नई समय सारिणी इस प्रकार है:
- राजस्थान हाईकोर्ट: सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
- अधीनस्थ अदालतें: सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
यह व्यवस्था 27 जून तक लागू रहेगी। यह परंपरा प्रदेश में अदालतों की स्थापना के समय से ही चली आ रही है कि गर्मियों के दौरान अदालतें प्रातःकालीन समय में कार्य करती हैं। 1 जुलाई से अदालतें पुनः अपने नियमित समय पर संचालित होंगी।
कार्यालयीन समय:
नई समय सारिणी के तहत हाईकोर्ट में रजिस्ट्री और अधीनस्थ न्यायालयों में कार्यालय का समय सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। अधीनस्थ अदालतों में जजेज कोर्ट रूम के अलावा अपने चैम्बर में सुबह साढ़े 7 से 8 बजे तक और दोपहर को साढ़े 12 बजे से 1 बजे तक काम करेंगे।
वकीलों का कहना है कि ये फैसला न केवल मानवीय दृष्टिकोण से उचित है। बल्कि कार्यक्षमता की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। राजस्थान की गर्म जलवायु में दोपहर के समय कार्य करना अत्यंत कठिन होता है। विशेषकर जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है। ऐसे में न्यायालयों के कार्य समय में यह परिवर्तन कर्मचारियों के स्वास्थ्य और न्यायिक प्रक्रिया की निरंतरता को बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।