Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: बाड़मेर में 45.6 डिग्री पहुंचा पारा – 14 जिलों में हीटवेव अलर्ट
राजस्थान में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

यह तापमान अप्रैल के पहले सप्ताह में पिछले 26 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ने वाला रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के 14 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
बाड़मेर सबसे गर्म शहर
रविवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यह तापमान 3 अप्रैल 1998 के 45.2 डिग्री के रिकॉर्ड को पार कर गया। जैसलमेर में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोनों शहरों में दिनभर लू चली और रात में भी गर्मी का असर बना रहा। बाड़मेर में रात का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक रहा।
21 शहरों में पारा 40 के पार
राज्य के अन्य हिस्सों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़ समेत 21 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान (6 अप्रैल)
शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
---|---|---|
बाड़मेर | 45.6 | 28.8 |
जैसलमेर | 45.0 | 25.5 |
बीकानेर | 43.3 | 24.7 |
चित्तौड़गढ़ | 43.2 | 18.7 |
जोधपुर | 43.0 | 22.0 |
कोटा | 42.4 | 22.6 |
चूरू | 42.4 | 19.6 |
गंगानगर | 41.7 | 21.3 |
भीलवाड़ा | 41.6 | 18.5 |
वनस्थली (टोंक) | 41.6 | 18.1 |
फतेहपुर | 40.3 | 16.5 |
जयपुर | 40.7 | 23.3 |
विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में हीट वेव का प्रकोप रहेगा। इसके अलावा मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर के कई राज्यों और पहाड़ी क्षेत्रों में 6 से 10 अप्रैल के बीच बारिश, आंधी तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है।