Rashtriya Sevika Samiti, Jaipur: गुलाबी नगरी में राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन: भारत माता के जयकारों से पथ संचलन का स्वागत
राष्ट्र सेविका समिति जयपुर विभाग का शुक्रवार को झोटवाड़ा में पथ संचलन निकाला। घोष वादन के साथ कदम से कदम मिलाती सेविकाएं उत्साह के साथ पथ संचलन में चल रही थी।

सैंकड़ों युवतियां और महिलाएं हुईं पथ संचलन में शामिल
सैंकड़ों की संख्या में समिति से जुड़ी युवतियां और महिलाएं झोटवाड़ा आदर्श विद्या मंदिर के खेल मैदान से प्रारंभ हुए पथ संचलन में शामिल हुईं। यह पथ संचलन कांटा चौराहा, कालवाड़ रोड होते हुए मेडिकल सेंटर से पुनः खेल मैदान में आकर संपन्न हुआ।
पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का भव्य स्वागत किया। भारत माता के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
महिलाएं परिवार की धुरी
राष्ट्र सेविका समिति, जयपुर प्रांत की बौद्धिक शिक्षण प्रमुखा नर्बदा इंदौरिया ने कहा कि महिलाएं परिवार की धुरी होती हैं और राष्ट्र सेविका समिति उन्हें देश सेवा का संस्कार देती है।