Madan Rathore hits back at Dotasara: मदन राठौड़ का डोटासरा पर पलटवार: कांग्रेस पर जनसंख्या वर्गीकरण में भेदभाव का आरोप
जयपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अधिकारों का दुरूपयोग करते हुए निकायों का और पंचायतों का गठन कर दिया था।

कांग्रेस ने जनसंख्या के अनुपात में समान वर्गीकरण नहीं किया। कहीं एक वार्ड में 500 मतदाता तो कहीं दूसरे वार्ड में 3 हजार मतदाताओं को शामिल कर दिया। कहीं किसी पंचायत में 400 मतदाता थे तो कहीं 7 हजार मतदाताओं की एक पंचायत बना दी। यह पूर्णरूप से गलत था और कांग्रेस ने जनता के साथ अन्याय किया था। ऐसे में डोटासरा को बोलने से पूर्व अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जी को अध्ययन करना चाहिए, भारत में वन नेशन वन इलेक्शन नई अवधारणा नहीं है। देश के पहले आम चुनाव भी इसी अवधारणा के साथ हुए थे लेकिन कांग्रेस ने धारा 356 का दुरूपयोग करते हुए कई राज्यों की विधानसभाओं को भंग कर दिया। लोकसभा को भंग कर दिया था। इसके बाद से अलग अलग चुनाव होने लगे। भारत ही नहीं, कई देशों में भी एक साथ चुनाव कराए जाते है।
अगर भारत में एक साथ चुनाव होते है तो देश विकास के रथ पर चलेगा। देश में बार बार चुनाव और आचार संहिता से विकास बाधित होता है। इस लिए प्रधानमंत्री का प्रयास है कि एक साथ चुनाव हो, पंचायतों का पुनर्गठन हो। मतदाताओं के आधार पर परिसीमन हो। यह होगा और डोटासरा जी देखते रह जाएंगे। पंचायत चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चुनाव आयोग अपना अपना कार्य कर रहे है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि संगठन विस्तार की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा में संगठन विस्तार की निर्धारित प्रक्रिया है। मंडल में जिलाध्यक्ष से राय लेकर समिति का गठन किया जाता है, जिले में प्रदेश अध्यक्ष से राय ली जाती है और प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष से राय के बाद संगठन विस्तार किया जाता है। फिलहाल राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद प्रदेश की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान मंच पर वन नेशन वन इलेक्शन के प्रदेश संयोजक सुनील भार्गव और भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मौजूद रहे।