BJP Attacks Congress: भाजपा का कांग्रेस पर हमला: अवैध खनन पर भजनलाल सरकार की सख्त कार्रवाई: कांग्रेस राज में पनपा माफिया राज उजागर
जयपुर भाजपा प्रदेश कार्यालय में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस की झूठ फैलाने की नीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में अवैध खनन और माफिया राज पनपा था। जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने तकनीक का उपयोग कर खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की।

भाजपा सरकार की सख्त कार्रवाई
मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि 2023 में कांग्रेस सरकार के दौरान 1846 मामले दर्ज हुए। जबकि 2024 में भाजपा सरकार ने 2514 मुकदमे दर्ज कराए। भाजपा सरकार ने 3583 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में यह संख्या 2360 थी। अवैध बजरी परिवहन में 3293 वाहन जब्त किए गए, जबकि कांग्रेस सरकार ने केवल 2225 वाहन जब्त किए थे। भाजपा सरकार ने अवैध बजरी पर 4.73 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला जबकि कांग्रेस के समय मात्र 67 लाख रुपये ही वसूले गए।

ब्रज की पहाड़ियों में अवैध खनन पर रोक
गोदारा ने कहा कि ब्रज की पवित्र पहाड़ियों में अवैध खनन रोकने के लिए साधु-संतों ने आत्मदाह तक किया। लेकिन कांग्रेस सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अवैध खनन की मॉनिटरिंग के लिए जीपीएस और RFID युक्त वाहनों का प्रावधान किया और एम-सैंड नीति को बढ़ावा दिया, जो भविष्य में अवैध खनन को रोकने में कारगर साबित होगी।
कांग्रेस राज में माफिया राज का बोलबाला
बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने कांग्रेस राज में माफिया राज की घटनाओं को उजागर करते हुए कहा कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत के गृह जिले में तक पुलिस अधिकारी और आम जनता माफियाओं का शिकार बनी। विधायक भरत सिंह ने तो गहलोत सरकार को पत्र लिखकर खनिज मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की थी।
कांग्रेस का झूठ बेनकाब
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता सदन में जनता से जुड़े विषयों पर वॉकआउट कर बाहर आकर झूठा प्रचार करते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष जौहरी लाल मीणा ने पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई के चलते सदन को अखाड़ा बना दिया है। जबकि भजनलाल शर्मा की सरकार अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने और गरीब, किसान तथा आमजन के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है।