Municipal Corporation Takes A Big Action: नगर निगम हेरिटेज की बड़ी कार्रवाई: बकायेदारों पर कसा शिकंजा: 41 लाख रुपये से अधिक का विकास कर वसूला
जयपुर नगर निगम हेरिटेज जयपुर ने नगरीय विकास कर जमा नहीं कराने वाले बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त अरुण हसीजा के निर्देश पर हवामहल-आमेर जोन उपायुक्त दिलीप भंभानी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल पांच संपत्तियों पर कुर्की अभियान चलाया गया, जिसमें से एक संपत्ति मालिक ने मौके पर ही कर जमा करा दिया, जबकि बाकी चार संपत्तियों को सीज कर दिया गया।

नगर निगम की टीम ने सुल्तान सिंह (गणगौरी बाजार), द स्टैग (आमेर मावठ), माय एलिफेंट ट्रिप, पीली की तलाई, डॉ. मुनव्वर चौधरी (गंगापोल) और इंपीरियल पैलेस जैसी प्रतिष्ठित संपत्तियों पर कार्रवाई की।
कुल 41 लाख रुपये से अधिक का विकास कर वसूला गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जो बकायेदार जल्द कर नहीं चुकाएंगे, उनकी संपत्तियों को सीज किया जा सकता है।
बकायेदारों को दी गई चेतावनी
राजस्व अधिकारी पार्वती सोनी और अन्य निगम अधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने बकायेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में विकास कर जमा नहीं कराया गया, तो आगे भी इसी तरह की कुर्की और सीज करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम हेरिटेज प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि नगरीय विकास कर जमा न करने वाले किसी भी संपत्ति मालिक को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि नगर निगम को राजस्व का नुकसान न हो और विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।
नगर निगम अधिकारियों ने बकायेदारों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने लंबित करों का भुगतान करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।