Pakistani Woman Humara Caught at Raj Bhavan Border: सीमा पर संदिग्ध पाकिस्तानी महिला पकड़ी गई: संयुक्त एजेंसियों द्वारा हुमारा से पूछताछ जारी
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सोमवार प्रातः सुरक्षा एजेंसियों को उस समय हाई अलर्ट पर जाना पड़ा जब सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी महिला को भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए पकड़ा। महिला को सीमा पार कर भारत में घुसते हुए देखा गया। जिसके बाद बीएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
फाइल फोटो
घटना सोमवार सुबह अनूपगढ़ सेक्टर की एक अग्रिम चौकी के पास हुई। बीएसएफ की 127वीं बटालियन के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक महिला को तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में घुसते हुए देखा।
जवानों ने तुरंत हरकत में आते हुए महिला को रोक लिया और हिरासत में ले लिया। महिला की तलाशी लेने पर उसके पास एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बीएसएफ की पूछताछ में महिला ने अपना नाम हुमारा और उम्र 33 वर्ष बताई।
वही महिला ने पाकिस्तानी सीमा को लौटने से मना कर दिया है और भारत में शरण की मांग की है। उसने कहा कि यदि वह पाकिस्तान लौटेगी, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। महिला ने अपनी परेशानी का कारण घरेलू हिंसा बताया और दावा किया कि वह इसलिए सीमा पार करके भारत आई है।
हालांकि, उसके भारत आने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने जो जानकारी दी है, उसकी सत्यता की पुष्टि की जा रही है।