Mahashivratri 2025: राजस्थान के मंदिरों में उमड़ी भीड़: महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की शिव आराधना
जयपुर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में सपरिवार भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती उतारी। इस धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। जिन्होंने मिलकर शिव आराधना की और भक्ति भाव से माहौल को और अधिक पवित्र बना दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “महाशिवरात्रि भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर है। यह पर्व हमें आत्मचिंतन, त्याग और सद्भाव की सीख देता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
मुख्यमंत्री निवास पर धार्मिक माहौल, श्रद्धालु भाव-विभोर
मुख्यमंत्री निवास स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। पूजा-पाठ के दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया, जिससे पूरा माहौल शिवमय हो गया। शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर मुख्यमंत्री एवं अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रदेशभर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे हैं।