Rajasthan BJP President Update: राजस्थान भाजपा को कल मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, मदन राठौड़ की ताजपोशी तय!: कल होगा औपचारिक ऐलान
राजस्थान में भाजपा संगठन चुनाव अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन दाखिल किए जाएंगे, और कल दोपहर बाद आधिकारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए मदन राठौड़ का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।

चुनाव प्रक्रिया शुरू, जयपुर पहुंचेंगे विजय रूपाणी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आज भाजपा के चुनाव अधिकारी विजय रूपाणी जयपुर पहुंचेंगे। वे भाजपा प्रदेश चुनाव संयोजक नारायण लाल पंचारिया के साथ बैठक करेंगे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
- नामांकन से नतीजे तक – पूरी चुनाव प्रक्रिया
- दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
- शाम 4:30 से 5:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी।
- शाम 5:00 से 6:00 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया होगी।
- अगर एक ही उम्मीदवार का नामांकन बचता है, तो वह निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाएगा।
अगर चुनाव की नौबत आई, तो 22 फरवरी को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मतदान होगा। जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मदन राठौड़ की ताजपोशी तय?
राजस्थान भाजपा के नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ फिर से अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। मदन राठौड़ और सीएम भजनलाल शर्मा के बीच तालमेल बेहतर होने से यह संभावना और मजबूत होती है। बता दें कि मदन राठौड़ के नेतृत्व में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। जिसके चलते उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी उनपर दोबारा भरोसा जता सकती है। मदन राठौड़ चार बार जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं साल 2003 और 2013 में पाली की सुमेरपुर विधानसभा से विधायक भी रहे हैं।
कल होगा राजस्थान भाजपा के नए अध्यक्ष का ऐलान
साथ ही बता दे की अब सबकी नजरें 22 फरवरी पर टिकी हैं। जब राजस्थान भाजपा को उसका नया प्रदेश अध्यक्ष मिलेगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जयपुर में जुट चुके हैं, और चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।