Severe cold wave continues in Rajasthan: राजस्थान में तेज सर्दी का दौर जारी: तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा
राजस्थान में तेज सर्दी का दौर जारी है। सीकर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जोधपुर, करौली समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में तापमान फिर जमाव बिंदु तक पहुंच गया है।

सीकर में कल इस महीने का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में तेज सर्दी का दौर तीन दिन और रहने की संभावना जताई है। 28-29 जनवरी से राजस्थान पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी और लोगों को तेज सर्दी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य में मौसम आम तौर पर शुष्क रहा। शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे तक के चौबीस घंटे में निम्नतम तापमान नागौर में तीन डिग्री, फतेहपुर में 3.3 डिग्री, सीकर में 3.5 डिग्री, चुरू में 4.4 डिग्री, पिलानी में छह डिग्री, अलवर में सात डिग्री, अजमेर में 7.5 डिग्री व गंगानगर में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 डिग्री व 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क व सामान्य रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
उत्तरी हवा फिर से राजस्थान समेत दूसरे मैदानी राज्यों में आने से इन राज्यों में सर्दी बढ़ गई। राजस्थान के सीकर, फतेहपुर, करौली, दौसा, नागौर और चूरू में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सबसे कम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र ने राजस्थान में अगले 2 दिन (27 और 28 जनवरी) को तापमान में औसत के आसपास रहने और सर्दी तेज रहने की संभावना जताई है। इसके बाद राज्य में उत्तर से आने वाली हवाएं कमजोर होने और पश्चिमी से हवाएं चलने की संभावना जताते हुए राज्य के तापमान में बढ़ोतरी होने और सर्दी कम होने की संभावना जताई है। इस दौरान 29 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।